हैद्रा आयुक्त ने लिया विकास कार्यों का जायजा
हैदराबाद, हैद्रा आयुक्त ने विभिन्न तालाबों का दौरा कर संक्रांति त्यौहार के लिए पतंगबाज़ी की तैयारियों का निरीक्षण किया।
आयुक्त ए.वी. रंगनाथ ने आज हैद्रा द्वारा विकसित झीलों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि सरकार के आदेश पर हैद्रा द्वारा विकसित झीलों के किनारे पतंगों का त्यौहार बड़े पैमाने पर आयोजित करने का निर्णय लिए जाने के मद्देनज़र तैयारियाँ की जा रही हैं। उन्होंने कुकटपल्ली के नल्लाचेरुवु, माधापुर के तम्मिडी कुंटा तथा पुराने शहर के बमरुकुद्दौला तालाब का दौरा किया।
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तीन से चार दिनों के भीतर सभी सौंदर्यीकरण कार्य पूरे कर उत्सव के लिए आवश्यक मंच और व्यवस्थाएँ तैयार की जाएँ। उन्होंने लाइटिंग की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर झीलों के सौंदर्यीकरण के लिए बड़े पैमाने पर पौधारोपण करने का सुझाव दिया।
यह भी पढ़ें अंतरराष्ट्रीय पतंग एवं मिठाई महोत्सव में भाग लेंगे 20 देशों के 95 पतंगबाज़
जोनाबंडा पार्क की भूमि सत्यापित कर सुरक्षा हेतु फेंसिंग
आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि झीलों के संरक्षण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। झीलों के आसपास के क्षेत्रों को जनता के लिए आकर्षक बनाने, वॉकिंग ट्रैक्स, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता कार्यों और सुरक्षा इंतज़ामों को तेज़ी से पूरा करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जाए। हैद्रा अधिकारियों ने गुरुवार को मेड़चल मल्काजगिरी जिले के ओल्ड अलवाल क्षेत्र अंतर्गत जोनाबंडा एमएचआर कॉलोनी स्थित पार्क की रक्षा के लिए चारों ओर फेंसिंग की।
हैद्रा सूत्रों के अनुसार, जोनाबंडा में 1,444.40 गज भूमि पार्क के लिए आरक्षित है। स्थानीय निवासियों ने कुछ लोगों द्वारा इस पर अतिक्रमण की कोशिश किए जाने की शिकायत हैद्रा प्रजावाणी में दर्ज कराई थी। आयुक्त के निर्देशों पर संबंधित अधिकारियों ने मौके पर जाकर निरीक्षण कर भूमि को पार्क स्थल के रूप में सत्यापित किया। इसके बाद पार्क की सुरक्षा हेतु फेंसिंग करवाई गयी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



