अंतरराष्ट्रीय पतंग एवं मिठाई महोत्सव में भाग लेंगे 20 देशों के 95 पतंगबाज़

हैदराबाद, पर्यटन मंत्री जूपल्ली कृष्णा राव ने कहा कि 13 से 15 जनवरी तक परेड ग्राउंड्स, सिकंदराबाद में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय पतंग एवं मिठाई महोत्सव में भारत सहित 20 देशों के 95 अंतरराष्ट्रीय स्तर के पतंगबाज़ हिस्सा लेंगे। यह अपने आप में विश्व के बड़े आयोजनों में से एक होगा।

परेड ग्राउंड्स में उड़ती अंतरराष्ट्रीय पतंगें, हैदराबाद

सचिवालय में आज संवाददाता सम्मेलन में पर्यटन मंत्री जूपल्ली कृष्णा राव ने बताया कि विभाग द्वारा मकर संक्रांति पर 13 से 15 जनवरी तक अंतरराष्ट्रीय पतंग एवं मिठाई महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। तेलंगाना राज्य की समृद्ध विरासत और संस्कृति को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से आयोजित महोत्सव में भारत के अलावा 19 देशों इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, श्रीलंका, कंबोडिया, थाईलैंड, कोरिया, जापान, पुर्तगाल, वियतनाम, मलेशिया, इटली, स्विट्जरलैंड, जापान, अल्जीरिया, सिंगापुर, रूस, यूक्रेन और फ्रांस की भागीदारी रहेगी। इन देशों से 40 अंतरराष्ट्रीय और भारत के 15 राज्यों के 55 राष्ट्रीय पतंगबाज़ इसमें हिस्सा लेंगे।

परेड ग्राउंड्स में उड़ती अंतरराष्ट्रीय पतंगें, हैदराबाद

मंत्री ने बताया कि 13, 14 और 15 जनवरी को एक विशेष रात्रिकालीन पतंग उड़ान (नाइट-फ्लाइंग) कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। महोत्सव के दौरान विभिन्न प्रकार और विशाल आकार की पतंगें उड़ाई जाएँगी। इसके अलावा राज्य की स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए तेलंगाना की पारंपरिक संस्कृति को दर्शाने वाले विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

महोत्सव स्थल पर लगभग 100 हथकरघा एवं हस्तशिल्प स्टॉल तथा 60 फूड कोर्ट स्थापित किए जाएँगे, जहाँ तेलंगाना के विभिन्न व्यंजनों का स्वाद चखा जा सकेगा। उन्होंने बताया कि कल्चर लैंग्वेज इंडियन कनेक्शंस के सहयोग से अंतरराष्ट्रीय मिठाई महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हैदराबाद के वे निवासी, जो मूल रूप से अन्य राज्यों और देशों से हैं, घरों में तैयार की गई विभिन्न प्रकार की मिठाइयों का प्रदर्शन करेंगे। महोत्सव में 1,200 से अधिक प्रकार की मिठाइयाँ प्रदर्शित की जाएँगी।

हॉट एयर बैलून महोत्सव और ड्रोन शो 16 से

मंत्री ने बताया कि पर्यटन विभाग द्वारा 16 से 18 जनवरी तक हॉट एयर बैलून महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें यूरोपीय देशों से आने वाले 15 अंतरराष्ट्रीय मानक हॉट एयर बैलून शामिल होंगे। यह कार्यक्रम प्रात सत्र में हैदराबाद के बाहरी क्षेत्रों तथा संध्या सत्र में परेड ग्राउंड्स में नाइट ग्लो बैलून के साथ आयोजित किया जाएगा।

पर्यटन मंत्री ने बताया कि 16 और 17 जनवरी को गच्ची बावली स्टेडियम में विशेष ड्रोन शो का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अत्याधुनिक ड्रोन, बहुरंगी एलईडी लाइट्स और हवाई करतब प्रस्तुत किए जाएँगे, जो हवाई खेलों में भारत की सांस्कृतिक विरासत से आधुनिक नवाचार की छटाएँ पेश करेंगे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button