विभाजन का बीज बो रहे हैं रेवंत रेड्डी : देवेंद्र फडणवीस

हैदराबाद. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के प्रति कड़े शब्दों का प्रयोग करते हुए कहा कि एक वर्ग के तलवे चाट-चाटकर राज्य के मुख्यमंत्री तुष्टीकरण की राजनीति करके तेलंगाना में एक और विभाजन का बीज बोने जा रहे हैं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से कागजनगर सिरपुर में म्युनिसिपल चुनाव प्रचार के अंतर्गत आयोजित विजय संकल्प सभा और मंचीरियाल में रोड शो को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने याद दिलाया कि देश की स्वतंत्रता के पहले कांग्रेस के कुछ नेताओं ने जो खतरनाक खेल खेला था, परिणामस्वरूप देश का विभाजन हुआ। पाकिस्तान फिर बाद में बांग्लादेश बना।

अब वही विभाजनकारी नीति अपनाकर खतरनाक खेल तेलंगाना में मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी खेलने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री को लगता है कि चंद लोगों के तलवे चाट-चाटकर वे तेलंगाना पर हमेशा के लिए राज करते रहेंगे तो यह उनका भ्रम है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार पिछड़ों, एससी, एसटी वर्ग के आरक्षण में सेंध लगाकर धर्म विशेष को बांटकर एक प्रकार से विभाजन के बीज बोने का काम कर रही है। उन्होंने जनता को सतर्क करते हुए कहा कि कांग्रेस को वोट के द्वारा सबक सिखाकर जवाब दें वरना आने वाली पीढियां माफ नहीं करेंगी बल्कि तुम्हीं से प्रश्न करेंगी कि जब बंटवारे की राजनीति की जा रही थी तब आप क्या कर रहे थे ?

सरप्लस राज्य तेलंगाना की तिजोरी को बीआरएस-कांग्रेस ने लूटा

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि तेलंगाना का जब गठन हुआ था तब देश के तीन सरप्लस बजट राज्यों में तेलंगाना भी एक सरप्लस राज्य था लेकिन तेलंगाना की तिजोरी को बीआरएस और कांग्रेस ने इतना लूटा कि तेलंगाना पाई- पाई के लिए मोहताज हो चुका है। इन दोनों सरकारों ने भ्रष्टाचार व लूट के नए कीर्तिमान स्थापित कर दिए हैं।

फडणवीस ने याद दिलाया कि संयुक्त आंध्र प्रदेश के समय से गोदावरी जल को लेकर महाराष्ट्र के साथ पिछले 25 सालों से झगड़ा चल रहा था क्योंकि महाराष्ट्र कहता था कि गढ़चिरौली डूब जाएगा इसलिए पानी नहीं देगा। उन्होंने कहा कि जब तेलंगाना गठन के बाद मुख्यमंत्री बने केसीआर ने वर्ष 2015 में महाराष्ट्र आकर तेलंगाना के लिए गोदावरी का पानी मांगा। उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री होने के नाते केसीआर से कहा था कि तेलंगाना महाराष्ट्र का पड़ोसी है। यहां रहने वाले भी एक देश के नागरिक होने के नाते महाराष्ट्र के भाई हैं। यदि उन्हें पानी मिलेगा तो खुशी है इसलिए तेलंगाना से कोई झगड़ा नहीं चाहते हैं और पानी देने के लिए वे (देवेंद्र) तैयार हैं।

फडणवीस ने बताया कि केसीआर से कहा था, यदि महाराष्ट्र का नुकसान किए बिना तेलंगाना को लाभ होता है तो पानी देने के लिए महाराष्ट्र तैयार है लेकिन परियोजना की थोड़ी सी ऊंचाई कम करें और देश के इतिहास में पहली बार बिना किसी झगडे के पानी देने पर समझौता कर लिया गया। तब तय हुआ था कि पानी महाराष्ट्र देगा और महाराष्ट्र के किसानों को भू अधिग्रहण का पैसा तेलंगाना सरकार देगी।

फडणवीस ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र ने पानी तो दे दिया लेकिन तेलंगाना की पूर्व केसीआर सरकार और वर्तमान रेवंत रेड्डी सरकार दोनों ने महाराष्ट्र के किसानों को एक पैसा तक नहीं दिया। उन्होंने कहा कि वादा निभाने की नीयत तेलंगाना की सरकारों की नहीं थी और कहा कि जो पानी देता है उनको भी धोखा देने वाली बीआरएस और कांग्रेस सरकारें दोनों बदमाश व चोर हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के किसानों को फिर पैसा फडणवीस सरकार ने दिए।

भाजपा का मेयर बनने पर स्थापित होगी शिवाजी की प्रतिमा

फडणवीस ने मंचीरियाल में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थापित करने कुछ लोगों के दिए गए प्रस्ताव का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि मंचीरियाल में भाजपा का मेयर मुकेश गौड़ को बना दिया जाएगा तो महाराष्ट्र के आईटी व संस्कृति मंत्री आशीष शेल्लार के साथ मिलकर वे (मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस) स्वयं महाराष्ट्र से छत्रपति की प्रतिमा धूमधाम से लेकर मंचीरियाल आएंगे और स्थापित करेंगे। बस जनता मंचीरियाल में भाजपा की जीत का भगवा लहराए।

फडणवीस ने आगे कहा कि देश में 70 सालों तक किसी सरकार ने म्युनिसिपालिटियों की ओर ध्यान नहीं दिया। न ही शहरी इलाकों में रह रहे गरीबों व मध्यवर्ग की चिंता की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के आने के बाद शहरों की चिंता की गई।

हजारों करोड़ रुपये केंद्र सरकार शहरों के विकास के लिए देती आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व केसीआर सरकार व वर्तमान कांग्रेस सरकारों ने केंद्र की निधियों को अपनी जेबों के हवाले कर दिया और शहरों व गांवों की उपेक्षा की।

फडणवीस ने जनता से कहा कि यदि म्युनिसिपालिटी चुनाव में भाजपा को जिताया जाएगा तो केंद्र से मिलने वाला सारा पैसा सीधे नगरपालिकाओं पर खर्च होगा। उन्होंने सिरपुर कागजनगर कॉर्पोरेशनों में भाजपा का भगवा लहराने का आह्वान करते हुए कहा कि देश में मोदी सरकार है गांव व शहरों में भी मोदी को मानने वालों की सरकार होगी तो प्रगति तय है और याद रखें कि कमल के निशान पर मतदान करने का अर्थ विकास को न्यौता देना है, इसलिए भाजपा को जिताएँ और विकास लेकर आएँ।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button