विराट कोहली की भविष्य को लेकर सवाल ही नहीं उठता: बल्लेबाजी कोच कोटक
नई दिल्ली, विराट कोहली और रोहित शर्मा 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप में खेलेंगे या नहीं, यह सवाल क्रिकेट प्रेमियों के बीच लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। फैंस चाहते हैं कि उनके पसंदीदा खिलाड़ी अगले विश्व कप में खेलें और 2011 से चले आ रहे सूखे को खत्म करें। रोहित शर्मा ने पहले ही एक इंटरव्यू में कहा था कि वे अगले वनडे विश्व कप में खेलकर 2023 में अधूरे रह गए सपनों को पूरा करना चाहते हैं। इस बीच टीम इंडिया के बल्लेबाजी कोच सीतांशु कोटक से विराट कोहली के भविष्य को लेकर सवाल किया गया। हालांकि, कोटक ने इस सवाल से पल्ला झाड़ लिया।
साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम इस समय भारत दौरे पर है। रविवार से दोनों टीमों के बीच वनडे सीरीज का आगाज हुआ। एक महीने बाद मैदान पर लौटे विराट कोहली ने पहले ही मैच में जोरदार शुरुआत की और 120 गेंदों पर 135 रन की पारी खेलते हुए अपना 52वां एकदिवसीय शतक जड़ा।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद की टीमों ने जीते खिताब
सीतांशु कोटक ने विराट को लेकर कहा कि मुझे नहीं पता कि हमें इन सब पर गौर करने की जरूरत क्यों है। विराट कोहली वाकई शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। हमें उनके भविष्य के बारे में चिंता करने की जरूरत नहीं है। जिस तरह से वह प्रदर्शन कर रहे हैं और अपनी फिटनेस बनाए रख रहे हैं, उस पर कोई सवाल ही नहीं उठता।
कोटक ने विराट की पारी की तारीफ करते हुए कहा कि यह एक बेहतरीन पारी थी। उन्होंने जिम्मेदारी ली और बेहतरीन खेल दिखाया। मुझे लगता है कि उनकी पीठ ठीक है। फिजियो द्वारा उनकी पीठ की जांच भी की गई और सब कुछ सही पाया गया। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



