तूफानी बारिश ने मचाई तबाही ट्रैफिक जाम, पेड़ गिरे, बिजली गुल, मंत्री पोन्नम ने किया अधिकारियों को सतर्क
हैदराबाद, हैदराबाद शहर के कई हिस्सों में शुक्रवार को तूफानी हवाओं और बादल की गरज के साथ भारी बारिश हुई। हालाँकि बारिश से भीषण गर्मी से अस्थायी तौर पर कुछ राहत मिली, लेकिन शहर में बड़े पैमाने पर पेड़ों के गिरने और बिजली के खंबों और ट्रांसफार्मरों को नुकसान पहुंचने की सुचनाए हैं।
आबिड्स में पेड़ गिरने से दो बच्चों के घायल होने के समाचार हैं। मौसम विभाग ने हैदराबाद के लिए अगले 3-4 दिनों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।तूफानी बारिश से राहत और आफत: कई इलाके जलमग्न, ट्रैफिक बाधित जीएचएमसी परिधि के अलावा सीमांत क्षेत्रों में भी आज शाम तूफानी हवाएं और धुआँधार बारिश हुई।

शहर में कोठी, नामपल्ली, चादरघाट, आबिड्स, पंजागुट्टा, कुकटपल्ली, मेहदीपट्नम, टोलीचौकी, शेखपेट, नारसिंगी, सनसिटी, बंडलागुड़ा, ख्वाजागुड़ा, गच्चीबावली, मेडचल, सरूरनगर, बडंगपेट, हबशीगुड़ा, सहित कई स्थानों पर भारी बारिश हुई है और पेड़ों के साथ साथ होर्डिंग और फ्लैक्सी बैनरों के गिरने से बिजली व्यवस्था ठप्प हो गयी है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, रेड हिल्स में एक पेड़ गिरने से ट्रांस्फार्मर पूरी तरह से ध्वस्त हो गया। इसी तरह ककई स्थानों पर बिजली फीडर बंद हो गये। विशेषकर आसमानगढ़, ग्रीन हिल्स, हबशीगुड़ा, सरूरनगर सहित कई स्थानों पर देर तक बिजली बाधित रही। नामपल्ली में अरोरा कॉलेज के सामने एक पुराना पेड़ गिर गया।
इसी तरह किंग कोठी में दो तीन स्थानों से पेड़ गिरने की सूचना है। बोगुलकुंटा में पेड़ गिरने से दो बच्चों के घायल होने की सूचना है। बशीरबाग में भी पेड़ गिरने की सूचना है। लंगर हौज़ में भी एक बहुत पुराना भारी पेड़ गिरने के कारण देर तक ट्रैफिक जान रहा। लोअर टैंकबंड पर भी पेड़ गिरने के कारण ट्रैफिक जाम रहा। मलकपेट में भी कई स्थानों पर पेड़ गिरने की शिकायतें मिली हैं।
आबिड्स में पेड़ गिरने से दो बच्चे घायल, शहर में येलो अलर्ट जारी

हैद्रा अधिकारियों के अनुसार, कई स्थानों पर फ्लैक्सी, बैनर और होर्डिंग गिरे हैं। बिजली के तारों पर गिरने के कारण व्यवस्था को नुकसान पहुँचा है। हैं। अब्दुल्लापुरमेट में कृतंगा होटल के निकट एक होर्डिंग 33केवी बिजली लाइन पर गिर गयी। हैद्रा के अधिकारी व्यवस्था बहाल करने में बिजली विभाग के कर्मियों का सहयोग कर रहे हैं।
कुछ ही देर में लगभग 5 से 6 सेंटीमीटर बारिश हुई है। इससे शहर में कई स्थानों पर सड़कों पर पानी जमा हो गया और इसके चलते ट्रैफिक जाम की परिस्थिति का सामना करना पड़ा। बेगमपेट, सरदार पटेल रोड, सिकंदराबाद, हाईटेक सिटी मेन रोड, पीवी नरसिम्हा राव एक्सप्रेसवे, उस्मान सागर रोड, कोठी, जामबाग, एमजे मार्केट, अफज़लगंज, सिद्दीअंबर बाज़ार, बहादुरपुरा सहित कई स्थानों पर लोगों को बारिश के कारण सड़कों पर परेशानी उठानी पड़ी।
सोशल मीडिया पर भी बारिश का प्रभाव छाया रहा। बड़ी संख्या में लोगों ने गगचुंबी इमारतों के पास तेज़ चलती हवाएँ, हवा में उड़ते, अज़बस्तास और दूसरी सामग्री के वीडियो पोस्ट किये हैं। मौसम विभाग ने शनिवार को भी हैदराबाद सहित आस पास के जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
विशेषकर नलगोंडा, सूर्यापेट, महबूबाबाद, वरंगल, हनमकोंडा, रंगारेड्डी, मेडचल मल्काजगिरी, विकाराबाद, संगारेड्डी, मेदक, महबूबनगर, नागरकर्नूल, वनपर्ती, नारायणपेट और जोगुलाम्बा गदवाल जिलों में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है।
मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने की समीक्षा
हैदराबाद के प्रभारी मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने बारिश के दौरान जीएचएमसी अधिकारियों को सभी एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने बारिश के दौरान उच्च अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की और संभावित मौसम को ध्यान में रखते हुए सतर्क रहने के निर्देश दिये।

मंत्री ने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि भारी बारिश के कारण लोगों को किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े।
अधिकारियों ने मंत्री को बताया कि अचानक तेज हवा के कारण शहर के कई इलाकों में पेड़ उखड़ गए हैं। मंत्री आपातकालीन टीमों और डीआरएफ टीमों को आदेश दिया कि वे यातायात को बाधित किये बिना उखड़े हुए पेड़ों को हटाने के लिए कदम उठाएं। अधिकारियों ने बताया कि बारिश से शहर के चारमीनार, बहादुरपुरा, नामपल्ली, अंबरपेट, खैरताबाद, एलबी नगर, कुकटपल्ली, सिकंदराबाद और अन्य इलाके प्रभावित हुए हैं।
जीएचएमसी के इंजीनियरिंग अधिकारियों को बारिश के कारण शहर में जलभराव वाले स्थानों से तत्काल पानी निकालने का आदेश दिये गये। मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने जनसामान्य को भी सतर्क रहने की सलाह दी है। अधिकारियों ने बताया कि जलबोर्ड जेटिंग मशीनों के माध्यम से नालों की ओवरफ्लो समस्या का समाधान कर है। मंत्री ने अधिकारियों को पुलिस, जीएचएमसी, जल बोर्ड और बिजली अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर राहत कार्य करने के निर्देश दिये हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



