मिलावटी घी तैयार करने वाला व्यापारी गिरफ्तार
हैदराबाद, गोलकोंडा जोन की टास्क फोर्स पुलिस ने मासाब टैंक पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई के तहत भोला नगर, बंजारा हिल्स रोड नं 12 स्थित प्राइड डेयरी पर छापा मारा। छापे के दौरान डेयरी के संचालक स्थानीय निवासी मो. जुनैद हुसैन (26) को मिलावटी घी तैयार करने के मामले में गिरफ्तार कर लिया।
यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में अतिरिक्त टास्क फोर्स पुलिस उपायुक्त अंदे श्रीनिवास राव ने बताया कि सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर टास्क फोर्स इंस्पेक्टर आर. वेंकटेश ने छापे की कार्रवाई को अंजाम दिया। जाँच-पड़ताल करने पर पता चला कि आरोपी जुनैद रुचि गोल्ड वनस्पति (डालडा) घी में गाय के दूध का और भैंस के दूध का मिलावटी क्रीम व अन्य रसायन मिलाकर मिलावटी घी तैयार कर इसे धड़ल्ले से बाजार में बेच रहा था।
यह भी पढ़ें… मियाँपुर : निजी अस्पताल में चोरी का पर्दाफाश
पुलिस ने छापा मारकर उसकी डेयरी से 460 किलो मिलावटी घी 2,090 किलो मिलावटी गाय के दूध का क्रीम, 1,170 किलो भैंस के दूध का मिलावटी क्रीम, 28 टीन रुची गोल्ड वनस्पति, दो बायलर, पैकिंग मशीन, पैकिंग सामग्री, वजन तोलने की दो मशीनों, गैस सिलेंडर, 25 खाली ड्रम और 70 प्रकार के विभिन्न बर्तन समेत कुल 18,26,679 रुपये की संपत्ति बरामद की। उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 274, 275 के तहत मामले दर्ज़ कर उसे आगे की कार्रवाई के लिए मासाब टैंक पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



