गोलीबारी के बाद ट्रंप को रात्रिभोज स्थल से बाहर ले जाया गया, संदिग्ध गिरफ्तार

Ad

वाशिंगटन, अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन में संवाददाताओं के लिए आयोजित एक हाई-प्रोफाइल रात्रिभोज के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब बंदूक और चाकुओं से लैस एक व्यक्ति सुरक्षा घेरा तोड़कर उस क्षेत्र में घुस आया, जहां राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और कई वरिष्ठ अमेरिकी नेता मौजूद थे।

बहरहाल, सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने उसे घेरकर तुरंत हिरासत में ले लिया। गनीमत यह रही कि राष्ट्रपति ट्रंप सुरक्षित रहे और उन्हें तुरंत वहां से बाहर ले जाया गया। घटना के दौरान वहां मौजूद मेहमान अपनी जान बचाने के लिए मेजों के नीचे छिप गए। कई लोगों ने बताया कि भूमिगत विशाल ‘बॉलरूम’ के बाहर गोली चलने जैसी आवाजें सुनाई दीं।एक कानून प्रवर्तन अधिकारी ने बताया कि हमलावर ने गोलीबारी की थी। एक गोली एक अधिकारी को लगी लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने के कारण वह सुरक्षित रहा।

हमलावर की पहचान 31 वर्षीय कोल टॉमस एलन के रूप में हुई

दो कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने बताया कि हमलावर की पहचान 31 वर्षीय कोल टॉमस एलन के रूप में हुई है, जो कैलिफोर्निया के टॉरेंस का निवासी है। अंतरिम पुलिस प्रमुख कैरोल ने कहा कि वह इस समय यह नहीं कह सकते कि हमलावर का मकसद क्या था और यह कहना अभी बहुत जल्दबाजी होगी कि संदिग्ध का गोलीबारी में किसे निशाना बनाने का इरादा था।

वाशिंगटन डीसी के अंतरिम पुलिस प्रमुख ने बताया कि संदिग्ध के पास एक शॉटगन, एक हैंडगन और कई चाकू थे। उन्होंने कहा कि जांच अधिकारियों के पास फिलहाल यह मानने का कोई कारण नहीं है कि इस हमले में कोई और शामिल था। घटना के करीब दो घंटे बाद अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ पहुंचकर ट्रंप ने कहा, ‘‘जब आप प्रभावशाली होते हैं, लोग आपको निशाना बनाते हैं। जब आप प्रभावशाली नहीं होते, वे आपको छोड़ देते हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार वह अकेला हमलावर था।’’ वाशिंगटन की मेयर म्यूरियल बाउजर ने कहा कि फिलहाल ऐसा कोई संकेत नहीं है कि इसमें किसी और की संलिप्तता हो। उन्होंने कहा कि आम जनता के लिए इस समय कोई खतरा नहीं है।

ट्रंप द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो में संदिग्ध को सुरक्षा अवरोधक को पार करते हुए भागते हुए देखा गया, जबकि सीक्रेट सर्विस एजेंट उसकी ओर दौड़ रहे थे। इस कार्यक्रम में ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ, विदेश मंत्री मार्को रुबियो समेत कई शीर्ष नेता मौजूद थे। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिका ईरान के साथ युद्ध जैसी स्थिति में है।

‘जांच स्पष्ट रूप से जारी है और अभी शुरू ही हुई है

हालांकि कार्यक्रम शुरू होने से पहले होटल के बाहर कुछ प्रदर्शनकारी भी मौजूद थे। एक व्यक्ति जेल की वर्दी पहनकर पीट हेगसेथ का मुखौटा लगाए खड़ा था, जबकि दूसरे के हाथ में तख्ती थी, जिस पर लिखा था ‘‘पत्रकारिता मर चुकी है।’’ यह 2024 के बाद से तीसरी बार है जब ट्रंप की मौजूदगी में कोई हमला हुआ है। इससे पहले पेंसिल्वेनिया के बटलर में उन पर जानलेवा हमला हुआ था, जिसमें वह घायल हुए थे।

राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘आज हमें ऐसे सुरक्षा इंतजामों की जरूरत है, जैसा शायद पहले कभी किसी ने नहीं देखा होगा।’’ उन्होंने यह भी कहा, ‘‘हम किसी को भी हमारे समाज पर कब्जा नहीं करने देंगे।’’ कार्यवाहक अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लांश ने कहा कि शनिवार रात हुए हमले से जुड़े आरोप जल्द तय किए जाएंगे और रात्रिभोज कार्यक्रम में जो कुछ हुआ, उसे देखते हुए आरोपों की प्रकृति स्पष्ट है। ब्लांश ने जोर देकर कहा कि ‘‘जांच स्पष्ट रूप से जारी है और अभी शुरू ही हुई है।’’

संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) के निदेशक काश पटेल ने कहा कि घटनास्थल से बरामद हथियार, खोखे और अन्य सबूतों की जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ जारी है। होटल में मेहमान जब रात्रिभोज कर रहे थे, तभी अचानक तेज आवाजें सुनाई दीं। ट्रंप ने कहा कि पहले उन्हें लगा जैसे कोई ‘ट्रे’ गिर गई हो, लेकिन कई पत्रकारों ने पांच से आठ गोलियां चलने जैसी आवाजें सुनीं।

सीक्रेट सर्विस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आयीं

सीक्रेट सर्विस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आयीं। सैकड़ों लोग मेजों के नीचे छिप गए। किसी को चिल्लाते हुए सुना गया “हट जाइए, सर!” जबकि कुछ लोग निर्देश दे रहे थे कि “झुक जाइए।’’ एक कोने से “गॉड ब्लेस अमेरिका” की आवाजें भी सुनाई दीं। इसी बीच ट्रंप को मंच से सुरक्षित बाहर ले जाया गया। इस दौरान वह क्षण भर के लिए संभवतः ठोकर लगने से लड़खड़ाए और सीक्रेट सर्विस एजेंटों ने उन्हें तुरंत संभाल लिया।

होटल के बाहर नेशनल गार्ड और भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए। हेलीकॉप्टर भी मंडराते रहे। कार्यक्रम को पहले दोबारा शुरू करने की कोशिश हुई, लेकिन बाद में इसे रद्द कर दिया गया। व्हाइट हाउस’ संवददाताओं के संघ की अध्यक्ष वेइजिया जियांग ने कहा, ‘‘हम इसे फिर से आयोजित करेंगे।’’

प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष माइक जॉनसन ने कहा कि वह और उनकी पत्नी केली दोनों इस कार्यक्रम में शामिल हुए थे। उन्होंने कहा, ‘‘आज रात वे अपने देश के लिए प्रार्थना कर रहे हैं’’। प्रतिनिधि सभा के डेमोक्रेटिक नेता एवं न्यूयॉर्क के सांसद हकीम जेफ्रीज ने कहा, ‘‘अमेरिका में हिंसा और अराजकता का अंत होना चाहिए।’’

नेशनल गार्ड के जवानों ने होटल के अंदर मोर्चा संभाल लिया

भोज कक्ष को तुरंत खाली करा लिया गया, जहां सैकड़ों प्रमुख पत्रकार, मशहूर हस्तियां और राष्ट्रीय नेता ट्रंप के संबोधन का इंतजार कर रहे थे। नेशनल गार्ड के जवानों ने होटल के अंदर मोर्चा संभाल लिया। बाहर भी सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई। यह रात्रिभोज आम तौर पर कई वर्षों से ‘वाशिंगटन हिल्टन’ होटल में आयेाजित होता आया है। संवाददाता भोज के दौरान भी यह आम मेहमानों के लिए खुला रहता है। सुरक्षा व्यवस्था आमतौर पर पूरे होटल के बजाय मुख्य रूप से बॉलरूम पर केंद्रित रहती है, जबकि रात्रिभोज में शामिल न होने वाले लोगों की जांच अपेक्षाकृत कम की जाती है।

वर्ष 1981 में तत्कालीन राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन को जॉन हिंकले जूनियर ने वाशिंगटन हिल्टन के बाहर ही गोली मारी थी। इस घटना के बाद होटल परिसर की संरचना में बदलाव किए गए, सुरक्षा बढ़ाई गई और प्रवेश द्वार के पास एक विशेष राष्ट्रपति सुइट बनाया गया, जहां आपात स्थिति में राष्ट्रपति को ले जाया जा सके। शनिवार रात की घटना के बाद ट्रंप को भी कुछ समय के लिए वहीं ले जाया गया था। (एपी )

यह भी पढ़े‘मर्दानी 3’ का नया ट्रैक रिलीज, रानी फिर बनीं ‘बब्बर शेरनी’

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Ad

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button