एसबीआई लूटपाट मामले में दो आरोपी धरे गए

हैदराबाद, हैदराबाद की टास्क फोर्स पुलिस ने सुल्तान बाजार पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई के तहत एसबीआई एटीएम सेंटर, कोठी के पास दिन-दहाड़े गोली मारकर व्यापारी के पास से 6 लाख रुपये लूटने वाले दो लुटेरों को उत्तर-प्रदेश के एक गाँव से गिरफ्तार कर लिया। गौरतलब है कि गत 31 जनवरी की सुबह 7.30 बजे दो लुटेरों ने केरल निवासी कपड़ा व्यापारी रिनशाद पर दो राउंड गोलियाँ चलाकर उसके पास से 6 लाख रुपये लूट लिए थे। पैर में गोली लगने के कारण रिनशाद घायल हो गया था।

लुटेरों को पकड़ने के लिए विशेष पुलिस दलों का गठन किया गया। पुलिस दलों ने घटनास्थल से लेकर शहर के रेलवे स्टेशनों और बस स्टेशनों तक सीसी टीवी वीडियो कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर छानबीन करते हुए पुलिस ने दो लुटेरों को उत्तर-प्रदेश के एक गाँव से गिरफ्तार कर लिया। हालाँकि गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सूत्रों के अनुसार, दोनों लुटेरों को हैदराबाद लाया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, इन दोनों लुटेरों को हैदराबाद में शरण देने वाले बहादुरपुरा निवासी उसके साथी को घटना के दो दिन बाद ही गिरफ्तार कर लिया गया था।

एटीएम में जमा से पहले व्यापारी पर हमला

गौरतलब है कि कपड़ा व्यापारी रिनशाद 31 जनवरी की सुबह 6 लाख रुपये एसबीआई मुख्यालय कोठी स्थित एटीएम सेंटर में जमा करने के लिए एक्टिवा पर गया था। वहीं पास में खड़े दोनों लुटेरों ने अचानक रिनशाद और उसके साथी पर हमला कर दिया और नकदी से भरा बैग छीन लिया। इस दौरान रिनशाद के विरोध करने पर दो लुटेरों में से एक ने पिस्तौल निकालकर गोली चला दी थी। इसके बाद लुटेरे रिनशाद की एक्टिवा लेकर फरार हो गए। पुलिस को चकमा देने के लिए दोनों लुटेरों ने काचीगुड़ा स्टेशन के पास एक्टिवा छोड़ दी और स्टेशन के भीतर जाने का नाटक कर वहीं पास में डीमार्ट शोरूम के पास कपड़े बदलकर ऑटो में सिकंदराबाद फरार हो गए।

यह भी पढ़ें… चार दिन फ्लैट में पड़ा रहा महिला का शव, जांच शुरू

सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने तकनीकी छानबीन कर दोनों लुटेरों के उत्तर-प्रदेश फरार होने का पता लगाया। इसके बाद एक पुलिस दल को उत्तर-प्रदेश भेजा गया और उत्तर-प्रदेश के एक गाँव में दोनों लुटेरों का सुराग लगाकर स्थानीय पुलिस की मदद से उन्हें गिरफ्तार कर लिया। जाँच-पड़ताल के दौरान पता चला कि दोनों लुटेरे हैदराबाद में लूटपाट की घटना को अंजाम देने के लिए तीन माह पूर्व हैदराबाद आकर बहादुरपुरा निवासी अपने एक दोस्त के घर में शरण लिए हुए थे। लम्बे समय तक रेक्की करने के बाद दोनों लुटेरों ने रिनशाद को अपना शिकार बनाकर उसके पास से 6 लाख रुपये लूट लिए।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button