होर्मुज खोलने का अमेरिकी प्रयास ईरान के साथ युद्धविराम के लिए परीक्षा

दुबई, ईरान के साथ युद्ध फिर से भड़कने का खतरा मंडरा रहा है क्योंकि अमेरिका ने वाणिज्यिक जहाजों के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य को जबरन खोलने की कोशिश की है। हालांकि, मंगलवार को संयुक्त अरब अमीरात द्वारा ईरान पर मिसाइल और ड्रोन से हमले करने का आरोप लगाने के बावजूद युद्धविराम बरकरार दिखा।

ईरान के जलडमरूमध्य पर नियंत्रण को समाप्त करने के लिए ‘उन्नत सुरक्षा क्षेत्र’ बनाने के अमेरिकी प्रयास के बाद क्या होगा, यह स्पष्ट नहीं है। एक प्रमुख ईरानी अधिकारी ने अमेरिका पर इस प्रयास के जरिये क्षेत्रीय सुरक्षा को कमजोर करने का आरोप लगाया और चेतानवी दी कि ईरान जवाबी कार्रवाई करेगा।

अमेरिका की सेना ने कहा कि सोमवार को अमेरिकी ध्वज वाले दो व्यापारिक जहाज सफलतापूर्वक जलडमरूमध्य से गुजर गए, लेकिन यह देखना बाकी है कि मंगलवार को और जहाज गुजरेंगे या नहीं। जहाज ट्रैकिंग डेटा से पता चला कि फारस की खाड़ी में लंगर डालने के बाद मंगलवार सुबह पनामा के ध्वज वाला एक तेल टैंकर जलडमरूमध्य के केंद्र की ओर बढ़ रहा था, हालांकि यह स्पष्ट नहीं था कि वह गुजरने की कोशिश करेगा या नहीं। समुद्री यातायात और जहाज की जानकारी देने वाली वेबसाइट के अनुसार, टैंकर का गंतव्य सिंगापुर था।

उर्वरक और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों के कारोबार के लिए भी अहम

ईरान द्वारा जलडमरूमध्य को प्रभावी रूप से बंद करने से ईंधन की कीमतें आसमान छू रही हैं और वैश्विक अर्थव्यवस्था हिल गई है। विश्व के करीब 20 फीसदी तेल और प्राकृतिक गैस का कारोबार होर्मुज जलडमरूमध्य के जरिए होता है और यह मार्ग उर्वरक और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों के कारोबार के लिए भी अहम है।

ईरान के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य युद्ध समाप्त करने के लिए जारी वार्ता में एक बड़ा रणनीतिक लाभ साबित हुआ है। लेकिन होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान के अवरोध को तोड़ने से वैश्विक आर्थिक चिंताओं में कमी आएगी और तेहरान को एक प्रमुख लाभप्रद स्थिति से वंचित किया जा सकेगा।

28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर हमले के बाद शुरू हुआ

ऐसे प्रयासों से उस व्यापक युद्ध के फिर से भड़कने का भी खतरा है जो 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर हमले के बाद शुरू हुआ था, जिसके कारण ईरान को जलडमरूमध्य बंद करना पड़ा था। ईरान ने कहा है कि अमेरिका का यह नया प्रयास तीन सप्ताह से अधिक समय से कायम नाजुक युद्धविराम का उल्लंघन है।

मंगलवार को एक पोस्ट में ईरान की संसद के अध्यक्ष और मुख्य वार्ताकार मोहम्मद बगेर कलिबफ ने अमेरिका पर होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजरानी सुरक्षा को कमजोर करने का आरोप लगाया। कलिबफ ने चेतावनी दी कि जलडमरूमध्य में एक ‘नया समीकरण’ आकार ले रहा है। उन्होंने संकेत दिया कि तेहरान ने अभी तक जलमार्ग को फिर से खोलने के अमेरिकी प्रयास पर पूरी तरह से प्रतिक्रिया नहीं दी है और कहा, ‘‘हम भली-भांति जानते हैं कि यथास्थिति का जारी रहना अमेरिका के लिए असहनीय है, जबकि हमने अभी तक शुरुआत भी नहीं की है।’’

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को चेतावनी दी कि जलडमरूमध्य से आवागमन रोकने के ईरानी प्रयासों से ‘दुर्भाग्यवश, सख्ती से निपटना होगा’। उन्होंने कहा कि जलडमरूमध्य को फिर से खोलने का अमेरिकी प्रयास, जिसे ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ नाम दिया गया है, युद्ध शुरू होने के बाद से फारस की खाड़ी में अटके सैकड़ों जहाजों पर फंसे नाविकों की सहायता के लिए है।

हवाई रक्षा प्रणाली ने ईरान द्वारा दागी गई 15 मिसाइलों

संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी हवाई रक्षा प्रणाली ने ईरान द्वारा दागी गई 15 मिसाइलों और चार ड्रोनों को नाकाम कर दिया। पूर्वी अमीरात फुजैराह के अधिकारियों ने बताया कि एक ड्रोन हमले से एक महत्वपूर्ण तेल संयंत्र में आग लग गई, जिसमें तीन भारतीय नागरिक घायल हो गए। ब्रिटिश सेना ने संयुक्त अरब अमीरात के तट पर दो मालवाहक जहाजों में आग लगने की सूचना दी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को इन हमलों की निंदा करते हुए कहा कि नागरिकों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना ‘अस्वीकार्य’ है। तेहरान ने हमलों की पुष्टि या खंडन नहीं किया, लेकिन मंगलवार सुबह ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि अमेरिका और संयुक्त अरब अमीरात दोनों को ‘‘दलदल में फिर से घसीटे जाने से सावधान रहना चाहिए।’’

अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थता कर रहे पाकिस्तान और सऊदी अरब दोनों ने संयुक्त अरब अमीरात पर हुए हमलों की निंदा की। अमेरिकी नाकाबंदी के कारण तेहरान को तेल राजस्व से वंचित होना पड़ा है, जिसकी उसे अपनी कमजोर अर्थव्यवस्था को सहारा देने के लिए आवश्यकता है। अमेरिकी अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि यह नाकाबंदी ईरान को उसके विवादित परमाणु कार्यक्रम और अन्य लंबे समय से चले आ रहे मुद्दों पर बातचीत में रियायतें देने के लिए मजबूर करेगी।

युद्धविराम बढ़ाने के बजाय युद्ध समाप्त करना चाहता

ईरान के सुरक्षा तंत्र से संबंधित अर्ध-सरकारी एजेंसियों और तसनीम के अनुसार, युद्ध समाप्त करने के लिए ईरान के नवीनतम प्रस्ताव में अमेरिका से प्रतिबंध हटाने, नाकाबंदी समाप्त करने, क्षेत्र से सेना वापस बुलाने और लेबनान में इजराइल के अभियानों सहित सभी शत्रुतापूर्ण गतिविधियों को रोकने का आह्वान किया गया है।

ईरानी अधिकारियों ने कहा कि वे अमेरिकी प्रतिक्रिया की समीक्षा कर रहे हैं, हालांकि विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई ने सोमवार को पत्रकारों से कहा कि बदलती मांगों के कारण कूटनीति कठिन हो गई है। उन्होंने कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी।ईरान ने दावा किया है कि उसके प्रस्ताव में उसका परमाणु कार्यक्रम और समृद्ध यूरेनियम शामिल नहीं है जो लंबे समय से अमेरिका और इजराइल के साथ तनाव का एक प्रमुख कारण रहा है। ईरान अन्य मुद्दों का समाधान 30 दिनों के भीतर चाहता है और युद्धविराम बढ़ाने के बजाय युद्ध समाप्त करना चाहता है। ट्रंप ने पिछले सप्ताह इस प्रस्ताव से किसी समझौते पर पहुंचने की संभावना पर संदेह जताया। (एपी)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button