500 अरब डॉलर के अमेरिकी आयात पर भरोसा-गोयल का बयान

नई दिल्ली, वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को कहा कि भारत को अगले पांच वर्षों में अमेरिका से 500 अरब डॉलर मूल्य की वस्तुएं खरीदने में कोई परेशानी नहीं होगी। उन्होंने इसे एक बहुत ही मामूली आंकड़ा बताया, क्योंकि भारत की बढ़ती अर्थव्यवस्था लगभग दो लाख करोड़ डॉलर की मांग पैदा करेगी। उन्होंने कहा कि इस वक्त भारत अमेरिका से लगभग 300 अरब डॉलर के उन सामानों का आयात कर सकता है, जो वह फिलहाल दूसरे देशों से खरीद रहा है।

पीटीआई वीडियो को दिए एक साक्षात्कार में कहा, ”हम आज भी 300 अरब डॉलर के उन सामानों का आयात कर रहे हैं जिन्हें अमेरिका से मंगाया जा सकता है। हम पूरी दुनिया से आयात कर रहे हैं। अगले पांच वर्षों में यह बढ़कर दो लाख करोड़ डॉलर तक पहुंचने वाला है… मैंने अपने समकक्षों से कहा कि देखिए, मैं आपको भरोसा दिला सकता हूं कि भारत में मांग है, लेकिन आपको प्रतिस्पर्धी होना होगा।”

भारत और अमेरिका ने शनिवार को घोषणा की थी कि उन्होंने द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण के ढांचे को अंतिम रूप दे दिया है। दोनों पक्षों द्वारा जारी एक संयुक्त बयान के अनुसार, भारत ने अगले पांच वर्षों में अमेरिका से 500 अरब डॉलर के ऊर्जा उत्पाद, विमान और उनके घटक, कीमती धातुएं, प्रौद्योगिकी उत्पाद और कोकिंग कोल खरीदने की इच्छा जताई है।

वाणिज्य मंत्री ने कहा कि बड़ी प्रौद्योगिकी कंपनियों ने भारत में बड़े निवेश की घोषणा की है और इसलिए, ”मेरा मानना है कि हम देश में 10 गीगावाट के डेटा सेंटर देखेंगे” और इसके लिए भारत को उपकरणों की आवश्यकता होगी, जिसकी आपूर्ति अमेरिका कर सकता है।

दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था में इन सामानों की मांग बढ़

यह पूछने पर कि क्या अमेरिका से 500 अरब डॉलर की खरीद योजना में बोइंग विमानों के वे ऑर्डर भी शामिल हैं जो भारत पहले ही दे चुका है, उन्होंने कहा, ”हम जिस बारे में बात कर रहे हैं वह निरंतरता में है और इसमें वह सब शामिल है जो हम पहले से खरीद रहे हैं।” उन्होंने कहा कि आज भी भारत अमेरिका से 45-50 अरब डॉलर के बीच आयात कर रहा है, और ये वे उत्पाद हैं जिनका उत्पादन भारत नहीं करता है। उन्होंने आगे कहा, ”हमें विमानों की आवश्यकता होगी। हमें विमानों के लिए इंजन चाहिए होंगे। हमें कलपुर्जों की आवश्यकता होगी। हमने बोइंग को ही विमानों के लिए पहले से 50 अरब डॉलर के ऑर्डर दिए हुए हैं। हमारे पास इंजनों के लिए ऑर्डर हैं।”

”अगले पांच वर्षों के लिए लगभग 80-90 अरब डॉलर के ऑर्डर पहले ही दिए जा चुके हैं। हमें वास्तव में इससे भी अधिक की आवश्यकता होगी। मैंने पिछले दिनों पढ़ा कि टाटा कुछ और ऑर्डर देने की योजना बना रहा है। मेरा मानना है कि तेल, एलएनजी, एलपीजी और कच्चे तेल के अलावा केवल विमानन क्षेत्र के लिए ही हमें कम से कम 100 अरब डॉलर से अधिक की आवश्यकता है।”

गोयल ने कहा कि देश को इस्पात उद्योगों के लिए कोकिंग कोल की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, ”जब हम 300 अरब तक पहुंचेंगे, जो एक घोषित लक्ष्य है और इस्पात उद्योग में विस्तार बहुत तेज गति से हो रहा है। हमें अकेले कोकिंग कोल के लिए प्रति वर्ष 30 अरब डॉलर की आवश्यकता होगी। जिन उत्पादों का मैं उल्लेख कर रहा हूं, वे कांग्रेस के समय से जब संप्रग सत्ता में थी, तब से आयात किए जा रहे हैं। इसमें कुछ भी नया नहीं है।”

30 लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था बनना चाहता

दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था में इन सामानों की मांग बढ़ रही है। गोयल ने कहा, ”इन सभी उत्पादों की मांग और खपत में वृद्धि हो रही है। इसके अलावा, हमने बजट में कहा कि हम डेटा सेंटर को बढ़ावा देना चाहते हैं। हम एआई मिशन को बढ़ावा देना चाहते हैं, और हम भारत में महत्वपूर्ण विनिर्माण और महत्वपूर्ण खनिजों के प्रसंस्करण को बढ़ावा देना चाहते हैं। इन सबके लिए उच्च गुणवत्ता वाली मशीनरी, आईसीटी उत्पादों और एनवीडिया चिप्स के साथ ही क्वांटम कंप्यूटिंग के लिए एआई मशीनरी की आवश्यकता होगी। यह सब कहां से आने वाला है?”

सबसे शक्तिशाली प्रौद्योगिकी प्रदाता अमेरिका है। गोयल ने अंत में कहा, ”इसलिए, सालाना 100 अरब डॉलर बहुत मामूली है। मुझे लगता है कि यह उस देश के लिए बहुत ही कम है, जो 30 लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था बनना चाहता है, जैसा कि भारत का इरादा है।” (भाषा)

यह भी पढ़ेप्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पेश की मिशन मोड शासन की रूपरेखा

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button