सतर्कता एवं प्रवर्तन विभाग की छापेमारी जारी, 1 हजार से अधिक वाहनों की जाँच
हैदराबाद, सतर्कता एवं प्रवर्तन विभाग ने फरवरी माह के दौरान राज्यभर में जांच अभियान चलाते हुए परिवहन, कर चोरी, अवैध खनन और सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) में गड़बड़ियों के खिलाफ कार्रवाई की। विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि यह अभियान परिवहन (आरटीए), जीएसटी, खनन एवं भूगर्भ, वाणिज्यिक कर, वन, नागरिक आपूर्ति तथा पुलिस विभागों के साथ समन्वय में किया गया।
अधिकारियों ने प्रमुख राजमार्गों, आउटर रिंग रोड के निकास मार्गों और प्रमुख टोल प्लाज़ा पर रूट चेक, औचक निरीक्षण और रात्रि निगरानी अभियान चलाया। बताया गया है कि फरवरी माह में 1 हजार से अधिक वाहनों की जांच की गई। विभिन्न नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर 200 से अधिक वाहनों को जब्त किया गया। जाँच के दौरान ओवरलोडिंग, टैक्स चोरी, बिना परमिट संचालन और ई-वे बिल की अनुपस्थिति जैसे मामलों में केस दर्ज किए गए।
अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में 24 वाहनों को जब्त किया गया, जिनमें 6 एक्सकावेटर, 2 लॉरी, 1 टिप्पर तथा 15 ट्रैक्टर शामिल हैं। अधिकारियों ने 245 मीट्रिक टन अवैध रेत बरामद की और 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।
पीडीएस सामग्री की हेराफेरी का भंडाफोड़
सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत होने वाली कालाबाज़ारी पर कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने लगभग 131 क्विंटल चावल तथा 27 क्विंटल गेहूं जब्त किया। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 5.8 लाख बताई गई है। उसी तरह, संगारेड्डी और नलगोंडा जिलों के सामाजिक कल्याण छात्रावासों में निरीक्षण कर कई कमियों की पहचान की गई।
यह भी पढ़ें… ईरान-इजराइल तनाव के बीच हैदराबाद अमेरिकी दूतावास की सुरक्षा कड़ी
10.79 करोड़ के राजस्व नुकसान का पता चला
विभाग ने फरवरी में कुल 10.79 करोड़ के राजस्व नुकसान (जुर्माने सहित) की पहचान की, जिसमें से 1.96 करोड़ की वसूली की जा चुकी है। अधिकारियों ने कहा कि कर चोरी और अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन, टैक्स चोरी और सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकारी धन या संसाधनों के दुरुपयोग की जानकारी टोल-फ्री नंबर 14432 पर देने की भी अपील की गई।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



