ओड़िशा में खदान सड़क निर्माण को लेकर हिंसक झड़प, 50 घायल
भुवनेश्वर, ओड़िशा के रायगड़ा जिले में सिजिमाली बॉक्साइट खदान तक सड़क निर्माण को लेकर मंगलवार को स्थानीय आदिवासियों के साथ हुई झड़प में करीब 50 लोग घायल हुए। घायलों में 40 सुरक्षा कर्मी शामिल हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, जिला के काशीपुर ब्लॉक के शगाबाड़ी गांव में स्थानीय आदिवासियों ने सड़क निर्माण का कड़ा विरोध किया। पुलिस ने कहा कि विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों ने सड़क निर्माण रोकने के प्रयास में पत्थर फेंके और पुलिस व जिला प्रशासन के अधिकारियों पर तलवार, कुल्हाड़ी और अन्य धारदार हथियारों से हमला किया।
एडीजी संजय कुमार ने पीटीआई-भाषा को बताया कि घटना में घायल 40 पुलिसकर्मियों में से 10 के सिर में चोटें आई हैं और उन्हें रायगड़ा जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को शांत करने का प्रयास किया, तब उन्होंने पुलिस पर ईंट और पत्थर फेंके।
यह भी पढे़: ओवरलोड ऑटो पलटा 13 महिलाएँ घायल
काशीपुर क्षेत्र के स्थानीय लोग तब से सिजिमाली बॉक्साइट खदान परियोजना के खिलाफ हैं जब इसे ओड़िशा सरकार ने एक निजी कंपनी को आवंटित किया था। प्रशासन उस कंपनी को खदान तक सड़क निर्माण में सहायता कर रहा था। एक अधिकारी ने बताया कि रायगड़ा के कलेक्टर कुलकर्णी आशुतोष घटनास्थल पर थे और प्रदर्शनकारी आदिवासियों से चर्चा कर रहे थे। जिला प्रशासन ने शगाबारी गांव में कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए निषेधाज्ञा लागू कर दी है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



