आर्थिक स्वतंत्रता की ओर बढ़ें महिलाएँ : पोन्नम प्रभाकर
हैदराबाद, हैदराबाद के प्रभारी मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने आज महिलाओं से सरकारी कल्याणकारी कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेने तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए राज्य द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने पैरों पर खड़ा होना चाहिए और सरकारी कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदान की जाने वाली सहायता का उपयोग कर आर्थिक स्वतंत्रता की ओर बढ़ना चाहिए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मासाब टैंक स्थित चाचा नेहरू पार्क में जीएचएमसी परिधि में 99 दिवसीय प्रजा पालना-प्रगति प्रणालिका कार्यक्रम के शुभारंभ पर पोन्नम प्रभाकर ने कहा कि यह पहल मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के नेतृत्व में गाँवों और वार्डों से लेकर राज्य की राजधानी तक विकास गतिविधियों में तेजी लाने के लिए कार्यान्वित की जा रही है। उन्होंने कहा कि 99 दिनों के कार्यक्रम के तहत तेलंगाना के लगभग 12,000 गाँवों, वार्डों तथा नगरपालिकाओं में संचालित कर विकास, सामुदायिक भागीदारी और सामाजिक सशक्तिकरण पर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
इस दौरान पोन्नम प्रभाकर ने एक ई-कचरा संग्रहण केंद्र का उद्घाटन किया। उन्होंने नागरिकों से अनुपयोगी टेलीविजन, रेफ्रिजरेटर, कंप्यूटर, लैपटॉप जैसी इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं को घर पर बेकार पड़े रहने देने के बजाय सुरक्षित पुनर्चक्रण के लिए निर्दिष्ट केंद्रों पर उनका निपटारा करने की अपील की। स्थानीय निवासियों में पढ़ने की आदत को प्रोत्साहित करने के लिए एक मिरर लाइब्रेरी का भी उद्घाटन किया गया। यहाँ नागरिकों को पुस्तकालय के लिए पुस्तकें दान करने में सक्षम बनाने हेतु विशेष सुविधा स्थापित की गई है।
यह भी पढ़ें… विकास के लिए स्पष्ट नीतियाँ और राजनीतिक स्थिरता ज़रूरी : किशन रेड्डी
इंदिरा महिला शक्ति कैंटीन का मंत्री ने किया शुभारंभ
मंत्री ने इंदिरा महिला शक्ति कैंटीन का भी शुभारंभ किया, जिसका संचालन महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा किया जाएगा। राज्य सरकार की महिला सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता पर प्रकाश डालते हुए पोन्नम प्रभाकर ने कहा कि कई कल्याणकारी पहलें लागू की जा रही हैं। इनमें महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा, महिलाओं के नाम पर राशन कार्डों का वितरण, उत्तम चावल की आपूर्ति, पात्र परिवारों को 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराना आदि शामिल है। उन्होंने महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों में अधिक संख्या में शामिल होने और आजीविका गतिविधियों को शुरू करने या विस्तारित करने के लिए सरकार द्वारा प्रदत्त शून्य ब्याज ऋणों का लाभ उठाने हेतु प्रोत्साहित किया।
स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ाने के लिए सेटविन जैसी प्रशिक्षण एजेंसियों के माध्यम से योजनाएँ भी लागू की जा रही हैं, जिनमें महिलाओं को सिलाई मशीनों का वितरण शामिल है। उन्होंने महिलाओं से 99 दिवसीय कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लेने का आग्रह करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, पर्यावरण और सार्वजनिक सुरक्षा जैसे क्षेत्रों और समाज में उच्च पदों तक पहुँचने के लिए प्रयास करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को 35 करोड़ रुपये के शून्य-ब्याज ऋण के चेक वितरित किए गए। स्वयं सहायता समूहों ने आईबीएम, एलजी, अर्थ सेंस, रेनावार्ट और जेड एनवायरो रेल्डन संगठनों के साथ चाचा नेहरू पार्क में ई-कचरा संग्रहण के लिए समर्पित कियोस्क स्थापित किए हैं, ताकि नागरिकों से इलेक्ट्रॉनिक कचरे का सुरक्षित संग्रहण और पुनर्चक्रण किया जा सके। कार्यक्रम में सांसद अनिल कुमार यादव, एमएलसी बालमुरी वेंकट, जीएचएमसी आयुक्त आर.वी. कर्णन, हैदराबाद जिला कलेक्टर हरिचंदना दासरी, गोलकोंडा जोनल आयुक्त मुकुंद रेड्डी, अतिरिक्त आयुक्त रवि किरण व अन्य उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



