विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप – दक्षिण अफ्रीका की खराब शुरुआत

लंदन, तेज गेंदबाजों कागिसो रबाडा (51 रन पर पाँच विकेट) और मार्के यानसेन (49 रन पर तीन विकेट) की धारदार गेंदबाजी से ऑस्ट्रेलिया को 212 रन पर समेटने के बाद दक्षिण अफ्रीका की भी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के पहले दिन बुधवार को यहाँ शुरुआत खराब रही और उसने 43 रन तक चार विकेट गँवा दिए। मिचेल स्टार्क (10 रन पर दो विकेट) ने दोनों सलामी बल्लेबाजों ऐडन मारक्रम (00) और रेयान रिकेल्टन (16) को जल्दी पवेलियन भेजकर ऑस्ट्रेलिया को अच्छी शुरुआत दिलाई।

कप्तान पैट कमिंस (14 रन पर एक विकेट) और जोश हेजलवुड (10 रन पर एक विकेट) ने भी एक-एक विकेट चटकाया। दिन का खेल खत्म होने पर डेविड बेडिंघम आठ, जबकि कप्तान तेम्बा बावुमा तीन रन बनाकर खेल रहे थे। दक्षिण अफ्रीका की टीम अब भी ऑस्ट्रेलिया से 169 रन से पीछे है। ऑस्ट्रेलिया को इससे पहले ब्यू वेबस्टर (72 रन, 92 गेंद, 11 चौके) और स्टीव स्मिथ (66 रन, 112 गेंद, 10 चौके) ने पाँचवें विकेट के लिए 79 रन की साझेदारी करके उस समय मुश्किल से उबारा, जब टीम 67 रन पर चार विकेट गँवा चुकी थी।

इन दोनों के अलावा एलेक्स कैरी (23) ही 20 रन के आँकड़े को पार कर पाए। वेबस्टर और कैरी ने छ विकेट के लिए 46 रन की साझेदारी भी की। दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत भी खराब रही। टीम ने पहले ओवर में ही एडेन मारक्रम (00) का विकेट गँवा दिया, जो मिचेल स्टार्क की गेंद को विकेटों पर खेल गए। वियान मुल्डर को एक रन के निजी स्कोर पर स्टार्क की गेंद पर कैरी ने जीवनदान दिया।

रबाडा-स्टार्क की धार, टॉप ऑर्डर लड़खड़ाया

सलामी बल्लेबाज रियान रिकेल्टन (16) ने स्टार्क और हेजलवुड पर चौके मारे। वह हालाँकि स्टार्क की गेंद पर पहली स्लिप में उस्मान ख्वाजा को कैच दे बैठे। मुल्डर ने 44 गेंदों में छह रन बनाने के दौरान काफी संघर्ष किया और फिर ऑस्ट्रेलिया के कप्तान कमिंस की गेंद पर बोल्ड हो गए। हेजलवुड ने ट्रिस्टन स्टब्स (02) को बोल्ड करके दक्षिण अफ्रीका का स्कोर चार विकेट पर 30 रन किया।

इससे पहले आसमान में छाए बादलों के बीच दक्षिण अफ्रीका के कप्तान बावुमा ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया जिसे उनके गेंदबाजों ने सही साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। ऑस्ट्रेलिया के लिए बल्ले से पहला रन मार्नस लाबुशेन (17) ने यानसेन पर पारी के चौथे ओवर में दो रन के साथ बनाया। लाबुशेन पहली बार टेस्ट क्रिकेट में पारी का आगाज कर रहे थे।

रबाडा ने सातवें ओवर में उस्मान ख्वाजा को स्लिप में डेविड बेडिंघम के हाथों कैच कराके दक्षिण अफ्रीका को पहली सफलता दिलाई। ख्वाजा 20 गेंदें खेलने के बाद भी खाता नहीं खोल पाए। मार्च-2024 के बाद पहली बार टेस्ट क्रिकेट खेल रहे कैमरन ग्रीन (04) ने रबाडा की पहली ही गेंद पर चौका जड़ा, लेकिन एक गेंद बाद स्लिप में एडेन मारक्रम के हाथों लपके गए। लाबुशेन और स्मिथ ने इसके बाद पारी को आगे बढ़ाया। स्मिथ ने रबाडा जबकि लाबुशेन ने लुंगी एनगिडी पर चौका जड़ा। स्मिथ ने भी एनगिडी के ओवर में दो चौके मारे।

यह भी पढ़ें… पुर्तगाल बना नेशन्स लीग फुटबाल चैम्पियन

स्मिथ-वेबस्टर की साझेदारी ने पारी को संभाला

यानसेन ने लाबुशेन को विकेटकीपर काइल वेरेने के हाथों कैच कराके इस साझेदारी को तोड़ा। उन्होंने लंच से पहले की अंतिम गेंद पर ट्रेविस हेड (11) को भी लेग साइड में विकेटकीपर के हाथों कैच कराके दक्षिण अफ्रीका का स्कोर चार विकेट पर 67 रन किया। स्मिथ और वेबस्टर ने इसके बाद पारी को संभाला। स्मिथ ने रबाडा पर दो चौके मारे। वेबस्टर आठ रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे, जब रबाडा ने उनके खिलाफ पगबाधा की विश्वसनीय अपील की जिसे अंपायर ने करा दिया।

दक्षिण अफ्रीका ने डीआरएस का सहारा नहीं लिया, लेकिन रीप्ले में दिखा कि अगर टीम ऐसा करती तो मैदानी अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ता। स्मिथ ने 33वें ओवर में रबाडा पर चौके के साथ 76 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और टीम का स्कोर भी 100 रन के पार पहुँचाया। स्मिथ ने इंग्लैंड में 18वीं बार 50 रन से अधिक की पारी खेली जो किसी मेहमान टीम के बल्लेबाज की ओर से नया रिकॉर्ड है। वेबस्टर ने भी लय हासिल करते हुए एनगिडी पर दो चौके मारे। स्मिथ इसके बाद कामचलाऊ स्पिनर मारक्रम का शिकार बने, जब उनकी गेंद को कट करने की कोशिश में स्लिप में यानसेन को कैच दे बैठे।(भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button