टोलीचौकी में कार्डन सर्च, 23 विदेशी नागरिक गिरफ्तार
हैदराबाद, गोलकोंडा ज़ोन के टोलीचौकी थाना परिधि में कल देर रात कार्डन सर्च को अमल में लाते हुए 23 विदेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया, जो वीजा की समयावधि समाप्त होने के बावजूद अवैध रूप से रह रहे थे। यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि गोलकोंडा ज़ोन के पुलिस उपायुक्त जी. चंद्रमोहन के नेतृत्व में अमल में लाए गए कार्डन सर्च में 250 पुलिसकर्मियों ने भाग लिया। यह सर्च थाना परिधि के पैरामाउंट कॉलोनी गेट नं. 1 से गेट नं. 4, आईएएस कॉलोनी और हकीमपेटकुंटा के इलाके में अमल में लाए गए। सर्च के दौरान 10 सर्च पार्टियों, 7 कटऑफ पार्टियों और पाँच लिफ्टिंग पार्टियों ने भाग लिया।
सर्च के दौरान घर-घर जाकर तलाशी अभियान चलाया गया, जिसके तहत 23 ऐसे विदेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया, जो वीजा की अवधि समाप्त होने के बावजूद अवैध रूप से रह रहे थे। अवैध रूप से रहने वाले विदेशियों की पहचान एफआरआरओ, हैदराबाद के सहयोग से की गई। इसके अलावा दस्तावेज रहित 30 दुपहिया वाहन जब्त किए गए। इसके साथ ही अवैध रूप से संचालित गैस रिफिल्लिंग सेंटर पर छापा मारकर तीन बड़े और छह छोटे गैस सिलेंडर जब्त किए गए। नियमों के विरुद्ध भंडारण कर रखी गई 53 शराब की बोतलें जब्त की गईं।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद : क्रिप्टो करेंसी फंड चोरी के मामले में तीन अरेस्ट
अवसर पर पुलिस उपायुक्त चंद्रमोहन ने बताया कि शहर में कानून व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए नियमित अंतराल पर विभिन्न थाना परिधि में कार्डन सर्च को अमल में लाया जाएगा। पुलिस उपायुक्त ने असामाजिक तत्वों और राउड़ीशीटरों
को अवैध गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी। साथ ही जनता से सतर्क रहने की अपील की।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



