नई पार्टी के लिए मुहूर्त का इंतजार, अप्रैल-मई के आस-पास होगी घोषणा

हैदराबाद, तेलंगाना जागृति की संस्थापक व पूर्व विधान परिषद सदस्य कल्वाकुंट्ला कविता ने जल्द ही नई राजनीतिक पार्टी का गठन करने की जानकारी देते हुए कहा कि वे अच्छे मुहूर्त का इंतजार कर रही हैं। बंजारा हिल्स में अपने आवास पर मीडिया के साथ औपचारिक बातचीत में कविता ने कहा कि अप्रैल या मई के आस-पास में नई राजनीतिक पार्टी का गठन करेंगी। प्रक्रिया जारी है।

नई पार्टी पर मीडिया से बात करतीं कविता

बस मुहूर्त का इंतजार है। उन्होंने कहा कि कुछ ही समय की देर है। उनकी (कविता की) ताकत क्या है पता चल जाएगी। उन्होंने कहा कि गुंटा नक्का (चालबाज लोमड़ी), गूढाचारी (गुप्तचर) जैसे शब्द जिन व्यक्तियों को सूट करते हैं, उन्हीं के प्रति इन शब्दों का प्रयोग कर रही हैं। उन्होंने भारास विधायक दल के उपनेता टी. हरीश राव पर निशाना साधा और कहा कि सही मायने में हरीश राव गुंटा नक्का (चालबाज लोमडी) ही हैं। उनके लिए यह नाम पूरा सूटेबल है।

वे (कविता) बिना सोचे समझे नाम नहीं रखती हैं। उन्होंने हरीश राव सहित केटीआर को भी टार्गेट करते हुए कहा कि कृष्ण – अर्जुन दोनों प्रदेश स्तर के नेता हैं, तो क्यों राज्यभर के चुनाव प्रचार में भाग नहीं ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्यों केटीआर सिरसिल्ला तक सीमित हो चुके हैं और क्यों हरीश राव तेलंगाना जागृति की ओर से स्वतंत्र लड़ रहे प्रत्याशियों के स्थानों पर ही बीआरएस का प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सिरसिल्ला से संबंधित बीआरएस के 16 नेता चुनावी टिकट मांगने उनसे (कविता से) भेंट करने आए थे ।

यह भी पढ़ें… एसआईआर से पहले बीएलए की नियुक्ति अनिवार्य : सुदर्शन रेड्डी

बीआरएस बीसी विरोधी …

कविता ने बीआरएस को बीसी विरोधी करार दिया और कहा कि बीसी वर्ग को 42 प्रतिशत आरक्षण के विरोध में जिस बुट्टमगारी माधव रेड्डी कोर्ट में पिटिशन दायर किया था, उसे ही बीआरएस ने म्युनिसिपल चुनाव में टिकट दिया है। उन्होंने कहा कि माधवरेड्डी को टिकट देने से साबित हो चुका है कि बीआरएस ने ही बीसी रिजर्वेशन के खिलाफ केस दर्ज करवाया था। उन्होंने कहा कि हरीश राव के व्यक्तिगत अधिवक्ता ने ही दिल्ली में पिटिशन दायर करने में सहायता की है।

उन्होंने आरोप लगाया कि बीसी रिजर्वेशन रुकवाने के पीछे बीआरएस का ही षड़यंत्र है। उन्होंने कहा कि दरअसल माधव रेड्डी को हरीश राव ने हथियार के तौर पर उपयोग किया है ऐसे में पिछड़ा वर्ग के मुंह से निवाला छीनने वाले माधवरेड्डी को कैसे बीआरएस ने टिकट देकर एंडार्स किया है। उन्होंने बीआरएस के इस कदम की निंदा की और पिछड़ा वर्ग के प्रति पार्टी का रवैया क्या है, स्पष्ट करने की मांग भी की।

अगले चुनाव में बीआरएस का सत्ता में आना मुश्किल

कविता ने भविष्यवाणी करते हुए कहा कि राज्य में बीआरएस काफी कमजोर हो चुकी है। अगले चुनाव में बीआरएस का चुनाव जीतना मुश्किल है क्योंकि सत्ता में आने जैसी परिस्थितियां हैं ही नहीं। उन्होंने कहा कि बीआरएस जनता की समस्याओं पर नहीं लड़ रही है। उनका परफार्मेंस सही नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि बीआरएस तेलंगाना भवन तक सीमित हो चुकी है। ग्राउंड लेवल पर क्या हो रहा है यह उसे पता नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी सत्ता का दुरुपयोग करते हुए आधिकारिक कार्यक्रमों का प्रचार के लिए उपयोग कर रहे हैं लेकिन बीआरएस में कोई हरकत नहीं है। उन्होंने कहा कि सत्ता के दुरुपयोग के संबंध में जागृति की ओर से चुनाव आयोग को शिकायत की गई है। कल भी एक शिकायत की गई है। चुनाव आयोग ने सरकार के चीफ सेक्रेटरी को इस संबंध में पत्र लिखने की जानकारी दी है।

कांग्रेस नेता जीवन रेड्डी को निलंबित करने का दम कांग्रेस में नहीं

कविता ने कहा कि कांग्रेस नेता जीवन रेड्डी को निलंबित करने का दम कांग्रेस में नहीं है क्योंकि जग्तियाल में जीवन रेड्डी मजबूत नेता हैं। वे हमेशा स्थानीय जनता को उपलब्ध रहते हैं। पिछली बार जीवन रेड्डी को हराने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। उन्होंने कहा कि जीवन रेड्डी वरिष्ठ नेता हैं। मूल्य आधारित राजनीति करते हैं। बीआरएस के साथ टच में अवश्य जीवन रेड्डी होंगे, लेकिन वे (कविता) नहीं समझतीं कि जीवन रेड्डी पार्टी बदलेंगे। यदि कांग्रेस ने उन्हें निलंबित किया तो कांग्रेस को ही नुकसान होगा। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में कविता ने कहा कि लेकिन वे नहीं समझतीं कि पार्टी बदलेंगे।

बड़ी मछली को बचाने छोटी मछली…

फोन टैपिंग मामले में प्रणीत राव को डीएसपी से डिमोशन करते हुए सीआई बनाए जाने का उल्लेख करते हुए कविता ने कहा कि बड़ी मछली को बचाने के लिए छोटी मछली को पकड़ा गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से मांग करते हुए कहा कि पुलिस विभाग को डिमोरलाइज करने के बजाए बड़ी मछली को पकड़ें, तो बेहतर होगा।

12 को तेलंगाना जागृति की सभा

कविता ने बताया कि तेलंगाना जागृति के तत्वावधान में तेलंगाना उद्यमाकारूला आत्मगौरव सभा (तेलंगाना आंदोलनकारियों के आत्मसम्मान सभा) का आयोजन गुरुवार, 12 फरवरी को सुबह 10 बजे बाघ लिंगमपल्ली स्थित आरटीसी कल्याण मंडपम में किया जाएगा, जिसमें राज्य के विभिन्न जिलों से तेलंगाना आंदोलकारी भाग लेंगे। उन्होंने बंजारा हिल्स स्थित आवास पर जनसभा से संबंधित पोस्टर जारी किया।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button