तेलंगाना नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस की लहर : महेश कुमार गौड़
हैदराबाद, तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष और एमएलसी महेश कुमार गौड़ ने दावा किया है कि तेलंगाना में हुए नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस को प्रचंड जीत मिलने जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य की 116 नगरपालिकाओं और 7 नगर निगमों में से लगभग 90 प्रतिशत सीटें कांग्रेस के खाते में जाएँगी।
मतदान रुझानों की समीक्षा के बाद उन्होंने कहा कि शहरी मतदाताओं ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रड्डी के नेतृत्व में चल रही विकास और कल्याणकारी योजनाओं पर भरोसा जताया है। सरकार के त्वरित निर्णय, पारदर्शी शासन और सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता ने कांग्रेस के प्रति जनविश्वास को मजबूत किया है। उन्होंने बताया कि छह गारंटियों का प्रभावी क्रियान्वयन, महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा, किसानों के लिए ऋण माफी, इंदिरम्मा आवास योजना तथा शहरी विकास के लिए विशेष निधि आवंटन ने जनता का दिल जीता है।
यह भी पढ़ें… कृष्णा से अधिक पानी ले जा रहा है आंध्र : हरीश राव
पीसीसी अध्यक्ष ने कहा कि सड़कों, ड्रेनेज व्यवस्था, पेयजल सुविधाओं और स्वच्छता सुधार जैसे शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने से नगर क्षेत्रों में सकारात्मक माहौल बना है। विपक्षी दलों पर दुष्प्रचार का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि जनता ने झूठे प्रचार को नकार दिया है। उन्होंने पार्टी नेताओं, उम्मीदवारों और जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं को चुनाव में उनके समर्पण के लिए बधाई दी तथा भरोसा दिलाया कि कांग्रेस सरकार जनादेश का सम्मान करते हुए तेलंगाना के शहरों और कस्बों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



