सीएसआर को भागीदारी के रूप में देखें : रेवंत रेड्डी
हैदराबाद, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कॉर्पोरेट कंपनियों का आह्वान किया है कि वे कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी के अंतर्गत निर्धारित निधियों को खर्च के बजाय भागीदारी की दृष्टि से देखें। इससे समाज के विकास को नई दिशा मिलेगा।
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने बुधवार को विभिन्न कॉर्पोरेट कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि सीएसआर के तहत खर्च की जाने वाली राशि से शत-प्रतिशत परिणाम सुनिश्चित होने चाहिए। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और जल संसाधनों के संरक्षण को प्राथमिकता दे रही है, लेकिन कंपनियाँ अपनी रुचि के अनुसार किसी भी क्षेत्र को चुन सकती हैं।
तेलंगाना के छात्रों को वैश्विक कौशल क्षमता मिलेगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा पर खर्च भविष्य की पीढ़ियों में निवेश है। सरकार और कंपनियों की संयुक्त भागीदारी से तेलंगाना के छात्रों को वैश्विक स्तर की कौशल क्षमता दी जा सकती है। हैदराबाद में राज्य के 44 प्रतिशत छात्र हैं, इसलिए उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना सभी की जिम्मेदारी है। साथ ही कंपनियों से अपील की कि वे जिन क्षेत्रों में कार्य कर रही हैं, वहाँ के विकास के लिए अपने सीएसआर फंड का अधिक हिस्सा खर्च करें।
सीएसआर निधियों के प्रभावी उपयोग के लिए सरकार ने एक विशेष प्रधान सचिव की नियुक्ति भी की है, जिनके साथ समन्वय कर कंपनियाँ शिक्षा, स्वास्थ्य, जल संसाधन, कौशल विकास, विरासत संरक्षण और वन संरक्षण जैसे क्षेत्रों में निवेश कर सकती है। मुख्यमंत्री ने बताया कि रहेजा ग्रुप और रामकी ग्रुप ने 50-50 करोड़ रुपये तथा यशोदा फाउंडेशन ने 10 करोड़ रुपये शिक्षा के विकास के लिए देने की घोषणा की है।
यह भी पढ़ें… मुख्य सचिव से मिला यूएस इंडिया स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फोरम का प्रतिनिधिमंडल
बैठक में शामिल कंपनी प्रतिनिधियों ने कहा कि इस तरह का समन्वय पहले कभी नहीं हुआ और इस पहल के लिए उन्होंने सीएम की सराहना की। उन्होंने शिक्षा, अस्पताल और विरासत संरक्षण क्षेत्रों में सहयोग की इच्छा जताई। इस बैठक में विभिन्न कॉर्पोरेट और सरकारी विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



