हड़ताल वापस लें आरटीसी कर्मचारी सरकार बातचीत को तैयार : पोन्नम
हैदराबाद, परिवहन एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने टीजीएसआरटीसी कर्मचारियों से प्रस्तावित हड़ताल वापस लेने की अपील करते हुए कहा कि सरकार कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा संवाद के माध्यम से सकारात्मक पहल करने को तैयार है।
मीडिया को जारी प्रेस विज्ञप्ति में मंत्री ने स्पष्ट किया कि आरटीसी के राज्य सरकार में विलय और ट्रेड यूनियनों से जुड़े मुद्दे सरकार के अधिकार क्षेत्र में आते हैं, इन पर फिलहाल चर्चा संभव नहीं है। हालाँकि इन दो विषयों को छोड़कर अन्य सभी कर्मचारी संबंधी मुद्दों पर सरकार बातचीत के लिए पूरी तरह तैयार है।
मंत्री ने आश्वस्त किया कि कर्मचारियों की शिकायतें सुनने के लिए सरकार के दरवाजे हर समय खुले हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में आरटीसी कर्मचारियों के लिए 2.1 प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) बढ़ाने का निर्णय लिया गया है और वर्तमान में किसी प्रकार का डीए बकाया नहीं है।
यह भी पढ़ें… विचाराधीन है आरटीसी के सरकारी विलय का प्रस्ताव : पोन्नम प्रभाकर
मंत्री ने कहा कि वेतन पुनरीक्षण आयोग (पीआरसी) के मुद्दे पर सरकार गंभीरता से विचार कर रही है। कर्मचारियों के कल्याण के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने 9 सितंबर, 2023 को आरटीसी के विलय को लेकर एक समिति गठित की थी और चुनाव कार्यक्रम घोषित होने से ठीक पहले इस मुद्दे को जल्दबाजी में सामने लाया गया। मंत्री ने कहा कि ऐसे समय में हड़ताल का फैसला उचित नहीं है, जब आरटीसी धीरे-धीरे आर्थिक सुधार की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि हड़ताल से न केवल संगठन को नुकसान होगा, बल्कि आम जनता को भी भारी असुविधा का सामना करना पड़ेगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



