हैदराबाद : एयरपोर्ट से 3 किलो हाइड्रोफोनिक गांजा जब्त
हैदराबाद, राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा शमशाबाद को केंद्र बनाकर संचालित किए जा रहे अंतरराष्ट्रीय गांजा तस्करी का पर्दाफाश करते हुए कस्टम अधिकारियों ने 3 किलो हाइड्रोफोनिक गांजा जब्त किया। गौरतलब है कि पिछले सप्ताह इसी प्रकार से बैंकॉक से लाया गया हाइड्रोफोनिक गांजा जब्त कर दो यात्रियों को हिरासत में लिया गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैंकॉक से थाई एयरवेस के विमान से हैदराबाद पहुँची एक महिला यात्री के व्यवहार पर अधिकारियों को संदेह हुआ। संदेह के आधार पर अधिकारियों ने महिला को हिरासत में लेकर उसके लगेज की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके लगेज से बैंकॉक से लाया गया तीन किलो हाइड्रोफोनिक गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों रुपये में है।
यह भी पढ़ें… आंगनवाड़ी में उबला हुआ अंडा माँगने पर 11 वर्षीय छात्र की पिटाई
महिला से पूछताछ करने पर पता चला कि इस अंतरराष्ट्रीय गांजा तस्करी के नेटवर्क में वह कोरियर के रूप में कार्यरत है। उसने बताया कि बैंकॉक में गांजा तस्करों ने उसे कमीशन के आधार पर हाइड्रोफोनिक गांजा हैदराबाद पहुँचाने के लिए दिया था। उसने बताया कि यह गांजा उसे किसे सौंपना है, इस बारे में उसे कोई जानकारी नहीं है और बताया गया कि हैदराबाद पहुँचने के बाद उनका एजेंट आकर उसके पास से गांजा प्राप्त कर लेगा। गौरतलब है कि हाल ही में बैंकॉक और दुबई से गांजा व ड्रग्स तस्करी के कई मामले प्रकाश में आए हैं। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स व गांजा तस्करी के पीछे किन लोगों का हाथ है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






