राधे कृष्णा वूमेन्स कॉलेज में विदाई व पुरस्कार समारोह
हैदराबाद, अग्रवाल शिक्षा समिति द्वारा संचालित राधे कृष्णा वूमेन्स कॉलेज में पुरस्कार वितरण तथा विदाई समारोह समिति के सेडमल हॉल में आयोजित किया गया। समिति के अध्यक्ष प्रमोद कुमार केड़िया ने कहा कि सायोनारा शीर्षक से आयोजित कार्यक्रम छात्राओं के लिए जो खुशी और थोड़ी सी उदासी दोनों लेकर आया है। खुशी इस बात की है कि वह अपने जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत करने जा रही हैं। उदासी इसलिए कि आज वह कॉलेज छोड़कर जा रही हैं।
छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों के शिक्षक अभिभावकों की तरह होते हैं, जो माता-पिता की तरह हमेशा विद्यार्थियों की प्रगति की कामना करते हैं। मानद मंत्री नवीन कुमार अग्रवाल ने तृतीय वर्ष की छात्राओं को शुभकामनाएँ दी। प्रथम तथा द्वितीय वर्ष की छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें जब भी अवसर मिले, वह प्रतिभा दिखाते हुए अधिक से अधिक पुरस्कार अपने नाम करें।
यह भी पढ़ें… बैंड-बाजा बंजारा थीम में सजी जेसीआई की 44वीं चार्टर नाइट
मेधावी छात्राओं को शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए सम्मान
करेस्पॉन्डेंट महेश कुमार केड़िया ने कहा कि वह आगे भी इसी तरह जीवन में उन्नति करती रहे और माता-पिता तथा शिक्षण संस्थान का नाम रौशन करें। अवसर पर शैक्षणिक सत्र 2025-26 में अधिकतम अंक हासिल करने वाली तीनों वर्षों की छात्राओं सहित कॉलेज में आयोजित विभिन्न साहित्यिक, सांस्कृतिक तथा खेल आधारित कार्यक्रमों आदि में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
तृतीय वर्ष की छात्रा स्नेहा संतरा को स्टूडेंट ऑ़फ द ईयर का पुरस्कार प्रदान किया गया। विदाई समारोह में तृतीय वर्ष की छात्राओं के लिए प्रतियोगिताएँ आयोजित की गयीं, जिसमें छात्राओं ने पुरस्कार हासिल किए। राधे कृष्णा वूमेन्स कॉलेज की प्राचार्या डॉ. पद्माप्रिया ने सभी का स्वागत किया। कार्यक्रम में समिति के संयुक्त मंत्री एवं एलबीएमटी व जीकेपीएस स्कूल के करेस्पॉन्डेंट राजेश कुमार अग्रवाल, भगवती बाई मोंटेसरी स्कूल व टाइनी स्टार स्कूल के करेस्पॉन्डेंट शेष कुमार गोयल, समिति की अकादमिक निदेशिका डॉ. सरोज जैन, सीएओ आराधना मोदानी, कॉलेज के शिक्षक तथा छात्राएँ उपस्थित थीं। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता आकांक्षा जायसवाल, छात्रा पूर्वी निगम, हर्षिता जैन, धनलक्ष्मी तथा योगिता ने किया। धन्यवाद ज्ञापन निशा जाना ने जताया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





