भारत-दक्षिण कोरिया का 50 अरब डॉलर का व्यापार लक्ष्य
नई दिल्ली, भारत और दक्षिण कोरिया ने 2030 तक अपने सालाना द्विपक्षीय कारोबार को लगभग दोगुना करके 50 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुँचाने का सोमवार को संकल्प लिया। दोनों देशों ने अपने व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते को अगले साल तक उन्नत करने की प्रतिबद्धता भी जताई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग के बीच बातचीत के बाद नई दिल्ली और सियोल ने 15 समझौतों पर दस्तखत किए, जिनमें औद्योगिक सहयोग ढाँचा विकसित करने और इस्पात आपूर्ति श्रृंखला स्थापित करने से जुड़े समझौते भी शामिल हैं, ताकि समग्र दिशा में संबंधों को रफ्तार दी जा सके।
मोदी ने कहा कि वैश्विक स्तर पर जारी भू-राजनीतिक उथल-पुथल के बीच भारत और दक्षिण कोरिया शांति एवं स्थिरता का संदेश देते हैं। बातचीत में मोदी और ली ने भारत-दक्षिण कोरिया विशेष रणनीतिक साझेदारी के लिए एक संयुक्त रणनीतिक दृष्टिकोण पेश करने के अलावा ऊर्जा, रक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों, जहाज निर्माण और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति जताई।
यह कदम क्षेत्र में चीन के बढ़ते दबदबे के मद्देनजर उठाया गया
दोनों पक्षों ने जहाज निर्माण, जहाजरानी और समुद्री आपूर्ति श्रृंखला में साझेदारी के लिए एक व्यापक ढाँचा भी पेश किया और ऊर्जा सुरक्षा पर एक संयुक्त बयान जारी किया। इसके अलावा, भारत और दक्षिण कोरिया ने 2010 में लागू हुए व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते को उन्नत करने के लिए बातचीत फिर से शुरू करने के वास्ते एक संयुक्त घोषणा-पत्र पर हस्ताक्षर किए। दोनोंपक्षों में आर्थिक संबंधों को बढ़ावा देने के प्रयासों के तहत भारत में एक कोरियाई औद्योगिक टाउनशिप स्थापित करने पर भी सहमति बनी।
नई दिल्ली और सियोल ने आर्थिक सुरक्षा संवाद के साथ-साथ जलवायु परिवर्तन, आर्कटिक तथा समुद्री सहयोग पर विचार-विमर्श के लिए एक विदेश मंत्री स्तरीय ढाँचा भी शुरू किया। मोदी और ली ने पश्चिम एशिया संकट और उसके प्रभावों पर भी चर्चा की। दोनों पक्षों ने एक शांतिपूर्ण, स्थिर और समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र की दिशा में संयुक्त प्रयासों को मजबूत करने का संकल्प लिया। यह कदम क्षेत्र में चीन के बढ़ते दबदबे के मद्देनजर उठाया गया।
मोदी ने कहा कि वैश्विक तनाव के इस दौर में भारत और दक्षिण कोरिया मिलकर शांति एवं स्थिरता का संदेश देते हैं। अपने साझा प्रयासों के जरिए हम एक शांतिपूर्ण, प्रगतिशील और समावेशी हिंद-प्रशांत के लिए योगदान देना जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि भारत और दक्षिण कोरिया के बीच द्विपक्षीय व्यापार बढ़कर 27 अरब अमेरिकी डॉलर तक हो गया है। हमने 2030 तक इसे 50 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुँचाने के लिए आज कई अहम फैसले लिए हैं। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






