टीजीएसआरटीसी हड़ताल दूसरे दिन भी जारी, यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें

हैदराबाद, तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम (टीजीएसआरटीसी) कर्मचारियों की हड़ताल आज दूसरे दिन भी जारी रही, जिससे राज्यभर में बस सेवाएं बुरी तरह प्रभावित रहीं और आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस स्थिति का फायदा उठाते हुए निजी वाहन चालकों ने मनमाना किराया वसूला, जिससे लोगों की परेशानियां और बढ़ गईं।
टीजीएसआरटीसी ज्वाइंट एक्शन कमेटी (जेएसी) के चेयरमैन ई. वेंकन्ना ने कर्मचारियों से गुरुवार सुबह 5 बजे सभी बस डिपो और वर्कशॉप पर एकत्र होकर ‘महा धरना’ में भाग लेने का आह्वान किया था, जिसके बाद आज अलस सुबह से ही बड़ी संख्या में कर्मचारी डिपो के पास इकठ्ठा होना आरंभ हो गए।
अन्य जोनों में तबादलों को लेकर भी कर्मचारियों ने आपत्ति जताई
जेएसी के नेताओं ने कहा कि सरकार द्वारा गठित विशेष समिति के साथ हुई वार्ता बेनतीजा रही। 32 मांगों पर लंबी चर्चा के बावजूद कोई ठोस निर्णय नहीं हो सका, खासकर 2021 वेतन संशोधन में प्रस्तावित 30 प्रतिशत फिटमेंट को लागू करने को लेकर सहमति नहीं बन पाई। इसके अलावा, ग्रेटर हैदराबाद में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन और कर्मचारियों के अन्य जोनों में तबादलों को लेकर भी कर्मचारियों ने आपत्ति जताई।
पहले दिन की तरह आज भी कई बस डिपो पर भारी पुलिस बल तैनात था। सीमित बस सेवाओं के चलते यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कुछ स्थानों पर आरटीसी प्रबंधन ने निजी चालकों के माध्यम से बसें चलाने का प्रयास भी किया।
बस सेवाएं सामान्य होने के आसार नजर नहीं आ रहे
वहीं, टीजीएसआरटीसी के प्रबंध निदेशक वाई. नागी रेड्डी ने कर्मचारियों से हड़ताल समाप्त कर सेवा पर लौटने की अपील करते हुए कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए आईएएस अधिकारियों की समिति गठित की गई है और प्रबंधन सकारात्मक रुख अपना रहा है।
चेतावनी देते हुए कहा कि श्रम आयुक्त के समक्ष वार्ता जारी रहने के दौरान हड़ताल जारी रखना नियमों का उल्लंघन है और इससे कर्मचारियों की नौकरी पर खतरा मंडरा सकता है। दोनों पक्षों के अपने-अपने रुख पर अड़े रहने से स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और फिलहाल बस सेवाएं सामान्य होने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





