तमिलनाडु-बंगाल में पुनर्मतदान नहीं, वोटिंग डेटा जारी होगा

नयी दिल्ली, निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने शनिवार को कहा कि पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए किसी भी मतदान केंद्र पर पुनर्मतदान की सिफारिश नहीं की गई है।
दोनों राज्यों में बृहस्पतिवार को मतदान हुआ था। तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीट पर एक ही चरण में मतदान हुआ जबकि पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए पहले चरण में 152 सीट पर वोट डाले गए। पश्चिम बंगाल की शेष 142 सीट पर 29 अप्रैल को मतदान होगा।
निर्वाचन आयोग ने पुनर्मतदान की संभावना से किया इनकार
निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने पहले नियमों का हवाला देते हुए कहा था कि अगर किसी मतदान केंद्र पर वेबकास्टिंग को ‘‘जानबूझकर’’ बाधित किया जाता है तो वहां पुनर्मतदान कराया जाएगा।
तमिलनाडु में 2021 के विधानसभा चुनावों में चेन्नई के एक मतदान केंद्र पर पुनर्मतदान का आदेश दिया गया था। उस समय खराब वोटर वेरीफाएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) मशीन को दोपहिया वाहन पर ले जाया गया था। उस क्षेत्र की ‘जोनल पार्टी’ ने गलती से उसे इस्तेमाल नहीं की गई खराब मशीन समझ लिया था। यह निर्वाचन आयोग के आदेशों का उल्लंघन था।
तमिलनाडु में मतदान का सटीक आंकड़ा जारी करेगा निर्वाचन आयोग
भारत निर्वाचन आयोग तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के दौरान मताधिकार का इस्तेमाल करने वाले मतदाताओं का सटीक आंकड़ा जारी करेगा। मतदान प्रतिशत के आंकड़ों में पुरुष, महिला और ट्रांसजेंडर मतदाताओं का अलग-अलग विवरण भी शामिल होगा।
तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा के लिए एक चरण में 23 अप्रैल को मतदान हुआ था और मतगणना चार मई को होगी। इसके अलावा, यहां आयोग के प्राधिकारी उन सभी सुरक्षित कक्षों का निरीक्षण करेंगे जहां इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और ‘वोटर वेरिफाएबल पेपर ऑडिट ट्रेल’ (वीवीपैट) मशीन रखी गई हैं।
आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यहां कहा कि मतदान के दिन जारी 85.15 प्रतिशत मतदान का आंकड़ा अंतिम नहीं है और यह कुछ मतदान केंद्रों से प्राप्त आंकड़ों पर आधारित था। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर पड़े वास्तविक मतों की संख्या प्रपत्र 17सी में औपचारिक रूप से दर्ज की जाती है जिसका मिलान भारत निर्वाचन आयोग के मुख्यालय में उपलब्ध आंकड़ों से किया जाएगा।
डाक मतपत्रों से प्राप्त मतदान के आंकड़े शामिल नहीं होंगे
चुनाव अधिकारियों ने शुक्रवार सुबह से सभी जिलों का दौरा कर कुल मतदाताओं की संख्या की समीक्षा शुरू कर दी है। अधिकारी ने कहा कि शनिवार को जारी होने वाली कुल मतदान संख्या में डाक मतपत्रों से प्राप्त मतदान के आंकड़े शामिल नहीं होंगे। इन आंकड़ों को अलग से संकलित किया जाता है और अंतिम आधिकारिक गणना में जोड़ा जाता है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में अब तक करीब 4.18 लाख डाक मत दर्ज किए गए हैं।
अधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के अधिकारी उन सभी सुरक्षित कक्षों का स्वयं निरीक्षण करेंगे, जहां ईवीएम और वीवीपैट रखे गए हैं ताकि सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की जा सके। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





