हैदराबाद में आर्य ग्रंथों का भव्य लोकार्पण समारोह
हैदराबाद, आर्य प्रतिनिधि सभा आंध्र-प्रदेश-तेलंगाना के तत्वावधान में पंडित नरेंद्र भवन राजमोहल्ला, सुल्तान बाजार, हैदराबाद में महर्षि दयानन्द सरस्वती कृत ऋग्वेदादि भाष्य भूमिका के तेलुगु में अनुवादित ग्रंथ का लोकार्पण किया गया। साथ ही आर्ष गुरुकुल, कामारेड्डी के अध्यक्ष स्वामी ब्रह्मानन्द सरस्वतीजी द्वारा रचित दिव्य मानव निर्माण विधि, अंग्रेजी में रचित स्वामी दयानंद – मैसेज एण्ड मिशन तथा मनुर्भव-भाग 1 और मनुर्भव-भाग 2 का लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन व वंदे मातरम् के गान से हुआ। विषय का प्रतिपादन करते हुए विट्ठल राव आर्य, प्रधान आर्य प्रतिनिधि सभा आं.प्र- तेलंगाना तथा मंत्री सार्वदेशिक सभा ने इन ग्रंथों का परिचय दिया और उनकी महत्ता के संबंध में विस्तार से विवेचन किया। साथ ही स्वामी दयानंद सरस्वतीजी तथा उपरोक्त ग्रंथ कर्ताओं की विशेषताओं को उजागर करते हुए वर्तमान युग में उनके महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित किया।
यह भी पढ़ें… निर्दोष ने 28 स्थानों पर स्थापित की जलाशालाएँ
स्वामी चिदानंद सरस्वती ने ग्रंथों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला
अवसर पर उपस्थित मुख्य अतिथि स्वामी श्री चिदानंद सरस्वतीजी ने उपरोक्त ग्रंथों की प्रासंगिकता को दर्शाते हुए कहा कि पाश्चात्य विद्वान मैक्समूलर पहले सायण, महिधर आदि के वेद भाष्यों को पढ़कर वेदों के संबंध में कोई अच्छी राय नहीं रखते थे। परंतु स्वामी दयानंद सरस्वती के वेद भाष्य को पढ़कर उनकी राय बदल गई और वह वेदों को पूर्व से उद्भासित मानव कल्याण के ग्रंथों के रूप में स्वीकार किया था।
अवसर पर उपस्थित विशिष्ट अतिथि धर्मपाल शास्त्रा ने उपरोक्त ग्रंथों की उपयोगिता और ग्रंथ कर्ताओं के मानव समाज को महत्वपूर्ण योगदान को सराहा और साधुवाद देते हुए कहा कि ऐसे ग्रंथ ही मनुर्भव होने की प्रेरणा व संदेश देते हैं। उन्होंने कई दृष्टांतों द्वारा अपने दृष्टिकोण की संपुष्टि की।
कार्यक्रम का सफल संचालन करते हुए हरिकिशन वेदालंकार, मंत्री आर्य प्रतिनिधि सभा आंध्र-प्रदेश-तेलंगाना ने आर्ष ग्रंथों के अध्ययन-अध्यापन तथा प्रचार-प्रसार के लिए सभी आर्य समाजियों के दायित्व को स्मरण करवाया। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि इसमें उक्त ग्रंथों के अनुवादक, टाइपिस्ट, प्ऱूफरीडर तथा प्रकाशक को सम्मानित किया गया। शांतिपाठ, जयघोष और सहभोज से कार्यक्रम संपन्न हुआ।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





