तेलंगाना एयरोस्पेस हब बनने की ओर, ‘विक्रम-1’ रॉकेट रवाना

Ad

हैदराबाद, तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने शनिवार को स्काईरूट एयरोस्पेस के ‘विक्रम-1’ रॉकेट के फ्लाइट हार्डवेयर को श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के लिए रवाना किया। यह भारत का पहला निजी रूप से विकसित ऑर्बिटल रॉकेट है, जिसे पूरी तरह हैदराबाद में डिजाइन और विकसित किया गया है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह तेलंगाना के एयरोस्पेस क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। उन्होंने स्काईरूट टीम को बधाई देते हुए कहा कि 2022 में पहले रॉकेट के प्रक्षेपण के बाद इतनी कम अवधि में ऑर्बिटल लॉन्च की तैयारी करना बड़ी उपलब्धि है। कंपनी आने वाले महीनों में भारत का पहला निजी ऑर्बिटल लॉन्च प्रयास करने जा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि तेलंगाना देश में एयरोस्पेस सेक्टर में अग्रणी राज्य है और बोइंग, एयरबस और सफरान जैसी वैश्विक कंपनियां यहां पहले से मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि 2047 तक राज्य को वैश्विक एयरोस्पेस हब बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

इंजीनियरिंग निर्यात में राज्य के प्रदर्शन का भी उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के आंकड़ों के अनुसार 2023-24 से 2024-25 के बीच तेलंगाना ने 117.9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है, जो देश में सबसे अधिक है। इस वृद्धि में एयरक्राफ्ट पार्ट्स और रक्षा उपकरणों का बड़ा योगदान रहा है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं के कौशल विकास पर जोर देते हुए बताया कि सरकार यंग इंडिया स्किल्स यूनिवर्सिटी एडवांस्ड टेक्नोलॉजी सेंटर (ATCs) और पॉलिटेक्निक संस्थानों के माध्यम से उद्योग की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण दे रही है। उन्होंने ATCs और पॉलिटेक्निक कॉलेजों को स्किल्स यूनिवर्सिटी के तहत लाने की योजना का भी खुलासा किया, ताकि पाठ्यक्रम को उद्योग-उन्मुख बनाया जा सके।

इस दौरान स्काईरूट एयरोस्पेस के सीईओ पवन कुमार चंदाना ने स्किल्स यूनिवर्सिटी के साथ साझेदारी में रुचि जताई। उन्होंने कहा कि उद्योग की जरूरतों के अनुसार प्रशिक्षित प्रतिभा तैयार करना बेहद जरूरी है और इस दिशा में यह पहल उपयोगी साबित होगी। कार्यक्रम में उद्योग मंत्री डी. श्रीधर बाबू, विशेष सचिव बी. अजित रेड्डी, स्काईरूट के सह-संस्थापक नागा भरत डाका सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Ad

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button