रेवंत ने दिये तुम्मिड़ीहेट्टी बैराज निर्माण तेज करने के निर्देश
हैदराबाद, मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने तुम्मिड़ीहट्टी में बैराज निर्माण की प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस बैराज से आदिलाबाद समेत राज्य के ऊँचे क्षेत्रों के किसानों को सिंचाई और पेयजल मिलेगा तथा ग्रेविटी के माध्यम से श्रीपाद येल्लमपल्ली जलाशय तक पानी पहुँचाना संभव होगा।
बुधवार को एमसीआर एचआरडी संस्थान में मुख्यमंत्री ने सिंचाई मंत्री एन. उत्तम कुमार रेड्डी, सिंचाई इंजीनियरों और विशेषज्ञों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इसमें मंत्री तुम्मला नागेश्वर राव, राज्यसभा सांसद वेंकट रेड्डी नरेंद्र रेड्डी, सीएमओ सचिव माणिक राज, ईएनसी श्रीधर और वित्त विभाग के मुख्य सचिव संदीप कुमार सुल्तानिया एवं अन्य अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में अधिकारियों ने बैराज की ऊंचाई और जल उपयोग क्षमता पर प्रस्तुति देते हुए बताया कि 150 मीटर ऊंचाई पर निर्माण करने से कम से कम 100 टीएमसी पानी का उपयोग संभव होगा, जिससे राज्य को अधिक लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि प्राणहिता-चेवेल्ला परियोजना पर अब तक लगभग 11,000 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं और 71.5 किलोमीटर नहर निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है।
यह भी पढ़ें… पशु संवर्धन, डेयरी और मत्स्य क्षेत्रों के विकास में केंद्र दे समर्थन : वाकिटी श्रीहरि
महाराष्ट्र से सहमति हेतु वार्ता तेज करने के निर्देश
बैठक में विशेषज्ञों ने सुझाव दिया कि 150 मीटर ऊंचाई का विकल्प लागत और लाभ के लिहाज से उपयुक्त है। इससे पहले महाराष्ट्र 148 मीटर तक सहमत था, जबकि 152 मीटर पर वहां क्षेत्रों के डूबने की समस्या हो सकती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बैराज से आदिलाबाद समेत राज्य के ऊंचे क्षेत्रों के किसानों को सिंचाई और पेयजल मिलेगा तथा ग्रेविटी के माध्यम से श्रीपाद येल्लमपल्ली जलाशय तक पानी पहुंचाना संभव होगा। उन्होंने परियोजना को प्राथमिकता देते हुए महाराष्ट्र सरकार से तत्काल वार्ता करने के निर्देश दिए और कहा कि यदि अधिक क्षेत्र के डूबने की समस्या आती है तो प्रभावितों को मुआवजा देने के लिए सरकार तैयार है।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी को पत्र लिखकर महाराष्ट्र सरकार को मनाने में सहयोग लेने के निर्देश दिए। बैठक के तुरंत बाद पत्र भेजने और केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कर चर्चा करने की जिम्मेदारी मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी को सौंपी गई। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने मेडिगड्डा बैराज के पुनरुद्धार के तहत जारी जियो टेस्टिंग कार्यों को बारिश से पहले तेजी से पूरा करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



