पशु-पक्षियों की सेवा से होते हैं ग्रह अनुकूल

भारतीय संस्कृति और ज्योतिष शास्त्र में जीव-जंतुओं की सेवा का विशेष महत्व बताया गया है। ज्योतिष विज्ञान के अनुसार, हमारे आस-पास मौजूद पशु-पक्षी किसी न किसी ग्रह का प्रतिनिधित्व करते हैं। अक्सर कुंडली में ग्रहों की स्थिति खराब होने के कारण व्यक्ति को मानसिक, शारीरिक और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

ज्योतिष और पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इस बात को माना गया है कि यदि हम इन बेजुबान जानवरों की सेवा करें और उन्हें उचित भोजन कराएं, तो कुंडली के अशुभ ग्रहों के प्रभाव को कम किया जा सकता है और जीवन में आ रही बाधाओं को दूर किया जा सकता है। यहाँ जानते हैं कि किन पशु-पक्षियों की सेवा करने से कुंडली के सभी ग्रहों की कृपा बरसती है।

सूर्य और चंद्रमा के उपाय

ज्योतिष शास्त्र में सूर्य को ग्रहों का राजा माना गया है। यदि किसी व्यक्ति की कुंडली में सूर्य कमजोर है, तो उसे मान-सम्मान में कमी और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है तो सूर्य को मजबूत करने के लिए रविवार को लाल गाय को गुड़ और गेहूं खिलाना शुभ माना जाता है।

चंद्रमा को मन का कारक माना गया है। चंद्रमा की अशुभता दूर करने के लिए सोमवार को सफेद गाय को ताजी रोटी और पानी पिलाना चाहिए। इससे मानसिक शांति मिलती है और पारिवारिक कलह दूर होती है।

मंगल और बुध के उपाय

मंगल ग्रह को साहस और पराम का प्रतीक माना गया है, लेकिन इसके खराब होने पर व्यक्ति क्रोधी और कर्ज से परेशान रहता है। इसलिए मंगल की शांति के लिए बंदरों को गुड़ और चने खिलाना लाभकारी होता है। बुध ग्रह को बुद्धि और व्यापार का स्वामी माना जाता है। बुध को मजबूत करने के लिए बुधवार को गायों को हरा चारा खिलाना चाहिए। पक्षियों, विशेषकर तोते को दाना डालने से भी व्यापार में उन्नति के योग बनते हैं।

गुरु और शुक्र के उपाय

बृहस्पति यानी गुरु ग्रह सुख, समृद्धि और ज्ञान के कारक हैं। गुरु ग्रह को अनुकूल बनाने के लिए गुरुवार को गाय को चने की दाल और हल्दी मिली हुई रोटी खिलानी चाहिए। इससे वैवाहिक जीवन सुखद होता है और आर्थिक स्थिति मजबूत होती है। शुक्र ग्रह को भौतिक सुख-सुविधाओं का स्वामी माना गया है। शुक्र की मजबूती के लिए सफेद रंग के पशुओं या पक्षियों को दाना-पानी देना चाहिए। सफेद गाय को चावल या चीनी खिलाने से भी शुक्र प्रसन्न होते हैं।

शनि, राहु और केतु के उपाय

शनिदेव को न्याय का देवता माना जाता है। शनि की साढ़े साती या ढैय्या के प्रभाव को कम करने के लिए काले कुत्ते को सरसों के तेल से चुपड़ी हुई रोटी खिलाना सबसे उत्तम माना गया है। राहु और केतु को छाया ग्रह माना जाता है, जो जीवन में अचानक परेशानियां लाते हैं। राहु की शांति के लिए काले कुत्ते या पक्षियों को बाजरा डालना चाहिए। केतु के अशुभ प्रभाव से बचने के लिए कुत्तों की सेवा करना और उन्हें भोजन देना विशेष रूप से फलदायी होता है।

मछलियों और चींटियों की सेवा

ग्रहों की सामान्य शांति और सुख-समृद्धि के लिए मछलियों को आटे की गोलियां खिलाना बहुत पुण्यकारी माना जाता है। इससे धनागमन के रास्ते खुलते हैं और चींटियों को शक्कर मिला आटा डालने से राहु-केतु के दोष शांत होते हैं। नियमित रूप से पक्षियों के लिए छत पर दाना और पानी रखने से भी घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और सभी नौ ग्रह धीरे-धीरे अनुकूल होने लगते हैं।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button