बीड : पारिवारिक विवाद में पिता ने बेटियों को आग लगाने की कोशिश
बीड, महाराष्ट्र के बीड जिले में पारिवारिक विवाद के कारण एक व्यक्ति ने अपनी दो नाबालिग बेटियों पर कथित तौर पर डीजल डालकर उन्हें जिंदा जलाने की कोशिश की। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी के अनुसार, घटना दो मई को माजलगांव तहसील के लहामेवाड़ी गांव में हुई। पुलिस ने इस संबंध में आरोपी महेश विष्णु सोमासे के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, महेश की पत्नी अश्विनी घरेलू विवाद के बाद लहामेवाड़ी में अपने मायके में रह रही थी। आरोपी शनिवार शाम अपनी चार और पांच साल की दोनों बेटियों के साथ वहां पहुंचा। उसने बताया कि आरोपी महेश ने अपनी पत्नी से तुरंत घर लौटने को कहा। हालांकि, महिला ने वापस जाने से इनकार कर दिया और विवाद को सुलझाने के लिए समुदाय के बुजुर्गों को मध्यस्थ बनाने का सुझाव दिया।
यह भी पढ़े : मप्र क्रूज हादसा: मृतकों की संख्या 13, लापता का शव मिला
अधिकारी ने बताया कि पत्नी के इनकार से क्रोधित आरोपी ने उसे और उसके रिश्तेदारों को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने बताया कि, इसके बाद उसने अपनी मोटरसाइकिल पर रखे एक बैग से डीजल से भरा एक डिब्बा निकाला और अपनी बेटियों पर ईंधन डालकर उन्हें आग लगाने के लिए जेब से माचिस निकाल ली। हालांकि, आरोपी द्वारा घटना को अंजाम दिए जाने से पहले ही एक रिश्तेदार ने उससे माचिस छीन ली। अधिकारी के मुताबिक, मामले की जांच जारी है।(भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



