टीएमसी को करारा तमाचा : रामचंदर राव

हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की असम में लगातार त्य्यीसरी बार विजय विशेषकर पश्चिम बंगाल में प्रचंड जीत के जोश से लबालब तेलंगाना भाजपाइयों ने प्रदेश मुख्यालय श्यामाप्रसाद मुखर्जी भवन में जोरदार जश्न मनाया। इस मौके पर मिठाइयाँ विशेषकर झालमुड़ी बांटकर व पटाखे जलाकर प्रसन्नता जाहिर की गयी।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंदर राव की अध्यक्षता में आयोजित जश्न में भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद डॉ. के. लक्ष्मण, विधान परिषद सदस्य मल्का कोमरय्या व अंजी रेड्डी, जी. प्रेमेंदर रेड्डी, डॉ. मनोहर रेड्डी, प्रदेश भाजपा मुख्य आधिकारिक प्रवक्ता एन. वी. सुभाष, आधिकारिक प्रवक्ता पी.एल. श्रीनिवास, भाजपा गोशामहल गोलकोंडा जिला अध्यक्ष टी. उमा महेंदर, पूर्व विधायक चिंतला रामचंद्रा रेड्डी, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राठौड़, गोविंद राठी, श्रीराम व्यास, पूर्व पार्षद राकेश जायसवाल, पूर्व पार्षद लाल सिंह, पूर्व पार्षद वाई. कृष्णा, महिला नेता अरुणा ज्योति व तुलसी, भाजयुमो नेता लड्डू यादव, प्रदीप सुराणा, विजय सुराणा, डी. गोपाल, रजनीश जैन, शकील मिर्जा, सतीश जाजू सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए।

असम में तीसरी जीत, प्रो-इंकम्बेंसी का असर

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रामचंदर राव ने असम में भाजपा की तीसरी बार जीत का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा शासित राज्यों में बार-बार वापसी होना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिना किसी भेदभाव के सबका साथ – सबका विकास – सबका विश्वास – सबका प्रयास के अंतर्गत सभी को विकास व कल्याण का लाभ देने के चलते बने प्रो इनकम्बेंसी फैक्टर का नतीजा है। उन्होंने पश्चिम बंगाल में भाजपा की प्रचंड जीत पर भी हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि अब इसके बाद तेलंगाना की बारी है।

रामचंदर राव ने कहा कि पिछले 15 सालों तक मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जिस प्रकार हिंसा फैलाई, अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों व रोहिंग्याओं के फर्जी वोट से जीतने के प्रयास किए जनता उससे तंग आ चुकी थी। उन्होंने कहा कि 35 वर्षों से जिस भाजपा का पश्चिम बंगाल में अस्तित्व तक नहीं था, उसे गत चुनाव में 75 सीटों पर जिताया और अब जनता ने भारी बहुमत देकर जो ऐतिहासिक निर्णय दिया है, वह तृणमूल कांग्रेस के गाल पर करारा तमाचा है।

रामचंदर राव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रणनीतियों तथा केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव व भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल की मेहनत के साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं का त्याग भारी जीत का कारण रहा है।उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ने कई भाजपाइयों की हत्या करा दी, उन सबके बलिदान को अब न्याय मिला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब मिट चुकी है क्योंकि उत्तर – दक्षिण का मतभेद फैलाकर अपना राजनीतिक हित साधने के जिस प्रकार षड़यंत्र रचे गए, उसे जनता ने विफल कर दिया है।

यह भी पढ़ें… केबीआर पार्क के सामने कैंडललाइट विरोध प्रदर्शन

बड़ी संख्या में मुस्लिम महिलाओं ने ली सदस्यता

एन. रामचंदर राव के समक्ष आज कुकटपल्ली निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस नेता एम.डी. नजीर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में मुसलमान महिलाओं व युवाओं ने भाजपा की सदस्यता ली, जिनका पार्टी में स्वागत करते हुए रामचंदर राव ने कहा कि बिना वजह मुसलमानों को भाजपा के खिलाफ भड़काकर डराया गया। अब उनमें जागरूकता आ रही है और वे भाजपा की ओर रुख करने लगे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने हर वर्ग के साथ न्याय करने के जो प्रयास किए, उससे मुसलमानों में भाजपा के प्रति भरोसा जगा है। उन्होंने तीन तलाक रद्द किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि अब मुसलमान महिलाएं प्रधानमंत्री मोदी को बड़ा भाई के रूप में देखने लगी हैं जिन्होंने तीन तलाक की कुरीति से उन्हें छुटकारा दिलाया है।

इस दौरान एम.डी. नजीर ने कहा कि कांग्रेस ने मुसलमानों का वोट बैंक के तौर पर उपयोग किया है लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीन तलाक जैसी कुरीति से छुटकारा दिलाकर रक्षा की है। उन्होंने कहा कि मुसलमानों को अब तक भाजपा के प्रति डराया गया, लेकिन बीजेपी ही सही मायने में सेक्युलर पार्टी है। उन्होंने कहा कि बारीक चावल वितरण प्रधानमंत्री मोदी सरकार कर रही है जिसका लाभ मुसलमानों को भी मिल रहा है। पार्टी में शामिल हुईं महिलाओं ने भारत माता की जय व वंदे मातरम् के नारे लगाकर भाजपा के पक्ष में काम करने करने का आश्वासन दिया।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button