अग्रवाल समाज का महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम जारी
हैदराबाद, अग्रवाल समाज तेलंगाना द्वारा राघव रत्ना टॉवर्स स्थित मीटिंग हॉल में महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम संयुक्त सचिव सीमा जैन एवं महिला सशक्तिकरण प्रकोष्ठ की अध्यक्ष प्रीति अग्रवाल द्वारा आयोजित किया गया है, जिसमें 60 से अधिक महिलाओं ने नई-नई विधाओं को सीखने में रुचि दिखाई है।
कार्यक्रम के अंतर्गत तंजौर पेंटिंग की कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें प्रशिक्षक शिवानी सिद्धम ने अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रतिभागियों को बारीकियों के साथ प्रशिक्षण दिया। उनकी सरल एवं प्रभावी शिक्षण शैली ने सभी को विशेष रूप से प्रभावित किया।
अवसर पर राजरानी मित्तल, शीतल रूंगटा एवं अन्य सदस्यों का सहयोग प्राप्त हुआ। यह कार्यक्रम 15 अप्रैल तक निरंतर आयोजित किया जाएगा, जिसमें महिलाओं के कौशल विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न उपयोगी एवं रचनात्मक सत्र शामिल किए गए हैं। इन सत्रों में मेकअप, लिपन आर्ट, मेहंदी, मसाला निर्माण तथा वेजिटेबल कार्विंग जैसी विधाएं शामिल हैं, जो न केवल रचनात्मकता को बढ़ावा देती हैं, बल्कि आत्मनिर्भरता की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।
यह भी पढ़ें… अग्रवाल समाज दक्षिण जोन बैठक : कल्याण योजनाओं पर चर्चा
कार्यक्रम की विशेषता यह है कि सभी प्रशिक्षक अत्यंत धैर्य, समर्पण एवं उत्साह के साथ प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। वे प्रत्येक प्रतिभागी को व्यक्तिगत रूप से मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं, जिससे महिलाओं में नई चीजें सीखने का आत्मविश्वास बढ़ रहा है और वे अपने कौशल को निखारने के लिए प्रेरित हो रही हैं। इस प्रकार यह कार्यक्रम महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में सार्थक पहल सिद्ध हो रहा है, जो उन्हें आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ समाज में अपनी सशक्त पहचान स्थापित करने के लिए प्रेरित कर रहा है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



