अग्रोहा बैंक का अग्रसेन बैंक में विलय, विशेष साधारण सभा की बैठक में की गई आधिकारिक घोषणा
हैदराबाद, शहर की प्रमुख सहकारी बैंकों में से एक दि अग्रसेन कोऑपरेटिव अर्बन बैंक लिमिटेड ने आज आधिकारिक रूप से अग्रोहा कोऑपरेटिव अर्बन बैंक के विलय की घोषणा करते हुए विशेष साधारण सभा की बैठक में इसे मंज़ूरी दे दी। बैंक इस मर्जर के साथ ही अपनी शाखाओं के विस्तार की योजना रखता है। वर्षांत तक दो और शाखाएं तथा अगले वित्तीय वर्ष में 5 और शाखाओं के विस्तार की योजना तैयार है, जबकि बैंक अपनी शाखाओं की संख्या 20 तक पहुंचाने का लक्ष्य रखता है। बैंक इस मर्जर से 1292.37 करोड़ के कारोबार तक पहुँच जाएगा।












एफटीसीसीआई भवन में आयोजित विशेष साधारण सभा की बैठक में प्रमोद कुमार केड़िया ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि सभी के सहयोग से पिछले 28 वर्षों से बैंक की यात्रा निरंतर आगे बढ़ रही है। इस दौरान बैंक ने अनेक उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। बैंक के नेटवर्क, व्यवसाय, नेटवर्थ, डिजिटल बैंकिंग, साइबर सुरक्षा तथा सुदृढ़ कॉर्पोरेट गवर्नेंस के क्षेत्र में सतत और संतुलित वृद्धि दर्ज की गई है।
1,143 करोड़ तक व्यवसाय पहुँचा कर दिखाया उत्कृष्ट प्रदर्शन
पिछले वित्तीय वर्षांत में ही बैंक का कुल व्यवसाय 1,000 करोड़ को पार कर गया था। पिछली तिमाही में भी बैंक ने अच्छा प्रदर्शन किया है। नवंबर अंत तक बैंक की कुल जमा राशि 679.01 करोड़, ऋण एवं अग्रिम में 464.80 करोड़, कुल व्यवसाय 1,143.81 करोड़ तथा शेयर कैपिटल 25.35 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। अन्य सभी महत्वपूर्ण मापदंडों में भी बैंक ने सकारात्मक और संतोषजनक वृद्धि दर्ज की है। उन्होंने कहा कि अग्रोहा को-ऑपरेटिव अर्बन बैंक लिमिटेड के साथ प्रस्तावित विलय रणनीतिक महत्व रखता है।
यह सामुदायिक रूप से भी काफी महत्वपूर्ण घटना है। उन्होंने कहा कि इसे विलय की बजाय संगम कहना महत्वपूर्ण होगा। पिछले वर्षों में अग्रसेन बैंक विश्वास, ग्राहक-केंद्रित दृष्टिकोण और नवाचार जैसे मूल मूल्यों के मार्गदर्शन में निरंतर सशक्त हुआ है। बैंकिंग क्षेत्र में तकनीकी नवाचार, ग्राहकों की बदलती अपेक्षाएँ और नियामकीय सुधारों के कारण तीव्र परिवर्तन देखने को मिला है।
सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के विलय के विभिन्न चरण गुज़र चुके हैं। भारतीय रिज़र्व बैंक भी छोटे शहरी सहकारी बैंकों के बड़े बैंकों के साथ एकीकरण को प्रोत्साहित कर रहा है, ताकि आकार की अर्थव्यवस्था का लाभ प्राप्त किया जा सके। यह विलय अग्रसेन बैंक की स्थिति को मजबूत करने, पहुँच का विस्तार करने तथा सेवाओं की क्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जो दीर्घकालिक और सतत विकास सुनिश्चित करेगा।
यह भी पढ़ें… तेलंगाना को राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार का द्वितीय पुरस्कार
विलय केवल परिसंपत्तियों का नहीं, साझा दृष्टि व सेवा प्रतिबद्धता का संगम
चेयरमैन ने आगे कहा कि यह विलय केवल परिसंपत्तियों का एकीकरण नहीं है, बल्कि साझा दृष्टि, पूरक क्षमताओं और ग्राहकों को बेहतर सेवा देने की साझा प्रतिबद्धता का संगम है। अग्रोहा बैंक अपने साथ मजबूत बाजार उपस्थिति, वफादार ग्राहक आधार और विशिष्ट विशेषज्ञता लेकर आता है, जो हमारी सेवा क्षमताओं को और समृद्ध करेगा। इससे शाखा नेटवर्क और डिजिटल पहुँच का विस्तार होगा। उत्पादों और सेवाओं की व्यापक श्रृंखला प्रदान की जा सकेगी, परिचालन दक्षता और लागत में समन्वय होगा तथा पूंजी आधार को मजबूत कर बाजार विस्तार को गति दी जा सकेगी।
यह ग्राहकों, कर्मचारियों और शेयरधारकों सभी के लिए लाभप्रद होगा। उन्होंने बताया कि 30 सितंबर की रिपोर्ट के अनुसार, अग्रोहा बैंक की कुल जमा 90.30 रुपये करोड़, कुल ऋण 58.17 करोड़ रुपये तथा कुल व्यवसाय 148.58 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है। चेयरमैन ने बताया कि अग्रसेन बैंक ने राष्ट्रीय स्तर के अवार्ड प्राप्त किये हैं तथा आरबीआई की नज़र में भी बैंक की स्थिति अधिक उत्तम हुई है। बैंक को बैंकिंग फ्रंटियर्स द्वारा आयोजित 18वें फ्रंटियर्स इन को-ऑपरेटिव बैंकिंग अवार्ड्स में सर्वश्रेष्ठ निवेश परिवर्तन और सर्वश्रेष्ठ अनुपालन परिवर्तन के लिए सम्मानित किया गया।
बैंक ने मार्च 2025 के बाद अत्तापुर, बंजारा हिल्स, हिमायतनगर, अमीरपेट, गगनपहाड़, कुकटपल्ली और माधापुर में सात नई शाखाएँ तथा सात एटीएम स्थापित किए हैं। अब अग्रोहा बैंक की एक शाखा भी नेटवर्क में जुड़ चुकी है और आरबीआई की अनुमति के अनुसार मार्च के अंत तक एक और शाखा खोलने का प्रस्ताव है। इस प्रकार चालू वित्तीय वर्ष के अंत तक कुल 13 शाखाएँ होंगी। उन्होंने बताया कि अगले वित्तीय वर्ष तक बैंक को आरबीआई ने 10 शाखाएँ खोलने की अनुमति दी है, लेकिन बैंक ने प्रथम चरण में 5 शाखाएं खोलने की योजना बनाई है।
विलय को निदेशक मंडल और शेयरधारकों ने मंज़ूरी दी, ऐतिहासिक क्षण
आगे शाखाओं की संख्या लगभग 20 तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने सभी शेयरधारकों से अनुरोध किया है कि वे अपना नवीनतम फोटोग्राफ, पैन कार्ड, आधार कार्ड, मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी बैंक को उपलब्ध कराएँ या अपना सीकेवाईसी नंबर जमा करें। उन्होंने सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। अवसर पर अग्रोहा बैंक के निदेशक अजीत गुप्ता ने कहा कि इस विलय को पूरे निदेशक मंडल और शेयरधारकों द्वारा मंज़ूर किया गया है। यह ऐतिहासिक क्षण है, जो दो नदियों के संगम के समान है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि अग्रसेन बैंक की समर्पित टीम से बैंक शेड्यूल और मल्टीस्टेट बैंक का स्थान प्राप्त करेगा।
अवसर पर अग्रसेन बैंक के महाप्रबंधक एवं सीईओ सीवी राव के अलावा अग्रोहा बैंक के सुधीर कुमार गुप्ता, प्रदीप अग्रवाल, विनय सी अग्रवाल एवं अन्य ने भी अपने विचार रखे। अवसर पर राजेश कुमार अग्रवाल, श्याम सुंदर मूंदड़ा, सूरजमल कांकानी, शीतल अग्रवाल को सम्मानित किया गया। बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष सीए नवीन कुमार अग्रवाल, उपाध्यक्ष सुरेश कुमार अग्रवाल, निदेशक मंडल के सदस्य नारायण दत्त, नरसिंग दास, मोहन अग्रवाल, गोपालचंद अग्रवाल, महेश कुमार अग्रवाल, राजेश कुमार अग्रवाल, अपूर्वा अग्रवाल, बजरंग प्रसाद अग्रवाल, सीए पंकज कुमार अग्रवाल, उप महाप्रबंधक आनंद अग्रवाल एवं अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





