मिधानि में उत्पादन एवं विपणन निदेशक की नियुक्ति
हैदराबाद, मिश्र धातु निगम लिमिटेड (मिधानि) में उत्पादन एवं विपणन निदेशक के रूप में पडविट्टान बाबू ने पद्भार ग्रहण किया। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पडविट्टान बाबू अनुभवी धातुकर्म अभियंता (मेटलॉजिकल इंजीनियरिंग) हैं, जिन्हें विशेष धातुओं और मिश्रधातुओं जैसे विशेष इस्पात, सुपर-अलॉय तथा टाइटेनियम मिश्रधातु के क्षेत्र में तीन दशकों से अधिक का गहन अनुभव प्राप्त है।
पडविट्टान बाबू ने मद्रास विश्वविद्यालय, चेन्नई से धातुकर्म अभियंत्रण में स्नातक उपाधि तथा डॉ. बी. आर. अंबेडकर मुक्त विश्वविद्यालय, हैदराबाद से एमबीए की उपाधि अर्जित की है। उन्होंने वर्ष 1997 में मिधानि में अपने करियर की शुरुआत की और विपणन, उत्पादन, तथा रणनीतिक योजना जैसे महत्त्वपूर्ण क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया।
विपणन क्षेत्र में उन्होंने नए बाज़ार विकसित करने, निर्यात को पुनर्जीवित करने, ग्राहक संबंधों को सुदृढ़ बनाने तथा एयरोस्पेस, रक्षा, ऊर्जा और औद्योगिक अनुप्रयोगों जैसे प्रमुख क्षेत्रों में अग्रणी ग्राहकों के साथ दीर्घकालिक सहयोग स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उत्पादन प्रबंधन, प्रक्रिया आश्वासन और व्यवसाय विकास के क्षेत्र में उनकी दक्षता ने विशेष धातुओं और मिश्रधातुओं के क्षेत्र में मिधानि की प्रगति एवं विस्तार में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



