आशा भोसले पंचतत्व में विलीन, राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार
मुंबई, प्रख्यात गायिका आशा भोसले का मुंबई के शिवाजी पार्क श्मशान घाट पर सोमवार शाम हिंदू रीति-रिवाज और पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। संगीत जगत की जानी-मानी हस्ती को अंतिम विदाई देने के लिए शिवाजी पार्क के अंदर और बाहर काफी संख्या में लोग एकत्र थे। पृष्भूमि में आशा का गाया गीत, अभी ना जाओ छोड़कर… बज रहा था।
संगीत की दुनिया पर दशकों तक राज करने वाली महान गायिकाओं की पीढ़ी में शुमार शायद वह आखिरी गायिका थीं। उनका अंतिम संस्कार हिंदू रीति-रिवाज और पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। उन्हें बंदूकें की सलामी दी गयी।स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर की बहनें में से एक, आशा भोसले का रविवार को निधन हो गया था। वह 92 वर्ष की थीं। उनकी बड़ी बहन लता का भी फरवरी 2022 में 92 वर्ष की आयु में रविवार के दिन ही निधन हो गया था।
यह भी पढ़ें… आशा भोसले के निधन पर सीएम रेवंत रेड्डी , राज्यपाल ने जताया शोक
अंतिम संस्कार में परिवार और संगीत जगत की मौजूदगी
पुरोहितों ने पीले और नारंगी रंग के गेंदे के फूलों से सजी चिता के चारों ओर मंत्रोच्चार किया। भोसले के बेटे आनंद ने उन्हें मुखाग्नि दी। भोसले की पोती जनाई के आँसू रूकने का नाम नहीं ले रहे थे। बहन उषा मंगेशकर और संगीतकार भाई हृदयनाथ मंगेशकर भी वहाँ मौजूद थे। दिवंगत गायिका को अंतिम विदाई देने वालों में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार तथा निर्देशक रमेश सिप्पी, अभिनेता आमिर खान और विक्की कौशल शामिल थे।
यह गम और गीत का क्षण था। चिता को अग्नि दिए जाने से पहले, गायक शान, सुदेश भोसले और अनूप जलोटा ने महान गायिका को संगीतमय श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने महज 10 साल की उम्र में शुरू हुए अपने आ दशक लंबे करियर में लगभग 12,000 गीत गाए। सुदेश भोसले ने जिदगी एक सफ़र है सुहाना गाया, वहीं शान ने प्यार के मोड़ पे गाया। लेकिन ऐसा करने वाले वे अकेले नहीं थे।
कई प्रशंसक, प्रार्थना की मुद्रा में हाथ जोड़े हुए गीतों को सुन रहे थे। मुंबई के लिए यह एक अविस्मरणीय दिन था। लोग सड़कें पर कतारों में खड़े थे, छतों और खिड़कियों पर एकत्र थे और सैकड़ों लोग शवयात्रा के साथ-साथ धीरे-धीरे भोसले के घर लोअर परेल से शिवाजी पार्क की ओर बढ़ रहे थे, ताकि शहर की अपनी आशा ताई को उनकी अंतिम यात्रा में साथ दे सकें। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



