एफटीसीसीआई में विद्युत तथा अग्नि सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

हैदराबाद, तेलंगाना चेंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एफटीसीसीआई) की इंफ्रास्ट्रक्चर, रियल इस्टेट और स्मार्ट सिटीज समिति द्वारा उद्योगों और आवासीय भवनों के लिए विद्युत और अग्नि सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन गया।

अग्नि और विद्युत सुरक्षा पर विशेषज्ञों की चर्चा

रेड हिल्स स्थित एफटीसीसीआई भवन में आयोजित कार्यक्रम में तेलंगाना अग्नि आपदा प्रतिक्रिया आपातकालीन और नागरिक सुरक्षा विभाग के महानिदेशक वाई. नागी रेड्डी, तेलंगाना अग्निशमन सेवा और नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान के निदेशक सी. लक्ष्मी प्रसाद तथा सिनर्जी इंफ्रा कंसल्टेंट के वी. श्रीनिवास ने इलेक्ट्रिकल और अग्नि सुरक्षा विषय से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए तेलंगाना अग्नि आपदा प्रतिक्रिया आपातकालीन विभाग के अग्नि अनुपालन और तैयारियों तथा उद्योगों में अग्नि आपदा प्रबंधन पर जानकारी प्रदान की। अवसर पर विशेषज्ञों द्वारा सुरक्षा और अनुपालन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सर्वोत्तम प्रथाओं को बढ़ावा देते हुए औद्योगिक और आवासीय स्थानों में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जोखिम मूल्यांकन, निवारक उपायों, विनियामक ढाँचों और आपातकालीन प्रतिक्रिया रणनीतियों पर विचार साझा किए गए। साथ ही अग्नि निवारक तकनीकों का प्रदर्शन, जोखिमों को कम करने और आपातकालीन तैयारी आदि पर अंतर्दृष्टि प्रदान की गई।

सुरक्षा एक साझा जिम्मेदारी

एफटीसीसीआई के अध्यक्ष सुरेश कुमार सिंघल ने कहा कि सुरक्षा एक एक साझा जिम्मेदारी है। विनियामक निकायों और संगठनों द्वारा निर्धारित नीतियों तथा दिशा-निर्देशों का पालन तथा उनको प्रभावी तरीके से लागू करना व्यवसाय के मालिक, सुविधा प्रबंधक, इंजीनियर, आर्किटेक्ट, निवासियों एवं अन्य सभी का उत्तरदायित्व है। उन्होंने कहा कि विद्युत और अग्नि सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इसे कमतर नहीं आंका जाना चाहिए। तेजी से शहरीकरण, औद्योगिक विस्तार और विद्युत अवसंरचना पर बढ़ती निर्भरता के साथ दुर्घटनाओं और आग के खतरों का जोखिम कई गुना बढ़ गया है। चाहे वह विनिर्माण सुविधा, कार्यालय परिसर या फिर आवासीय भवन हो सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रथाओं की सिफारिश

एफटीसीसीआई इंफ्रास्ट्रक्चर, रियल इस्टेट और स्मार्ट सिटीज कमेटी के चेयरमैन अभिषेक टिबरेवाला ने स्वागत वक्तव्य देते हुए कहा कि वर्ष 2024 में राज्य में 7,600 से अधिक आग लगने की घटनाएँ दर्ज की गईं, जिनमें अकेले हैदराबाद में 2,500 मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा शहर में 1 जनवरी से 10 फरवरी तक आग लगने की 50 से अधिक घटनाएँ हुईं। औसतन शहर में प्रतिदिन लगभग दो या तीन आग लगने की घटनाएँ दर्ज की गई हैं। उन्होंने अग्निशमन अधिकारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि हाल ही में शहर में 5,000 प्रमुख व्यावसायिक संरचनाओं का ऑडिट किया गया। हर साल गर्मियों की शुरुआत में आमतौर पर आग लगने की घटनाओं में वृद्धि होती है। इस पृष्ठभूमि में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया, ताकि लोगों को विद्युत और अग्नि सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक ज्ञान से लैस किया जा सके।

समिति के सह-अध्यक्ष बी. सुनील चंद्र रेड्डी ने धन्यवाद ज्ञापन देते हुए कहा कि सुरक्षा एक संस्कृति है, जिसे हम सभी को अपनाते हुए यह सुनिश्चित करने का प्रयास करना चाहिए कि उद्योग और आवासीय भवन आग और बिजली से सुरक्षित हों। परस्पर सहयोग, सक्रियता तथा जागरूकता का प्रसार कर विद्युत तथा अग्नि दुर्घटनाओं को रोकते हुए जान-माल की रक्षा की जा सकती है। साथ ही सुरक्षित भविष्य का निर्माण किया जा सकता है।

Now you can get the latest stories from DailyHindiMilap on our Social Media Handles every day.  Click to follow Daily Hindi MIlap Facebook page, Instagram, and Twitter.

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button