दलबदलू विधायकों को क्लीन चिट मिलने पर बरसे बंडी संजय
हैदराबाद, मुख्य विपक्षी दल भारत राष्ट्र समिति (भारास) के टिकट पर चुनाव जीतने के बावजूद कांग्रेस के टिकट पर गत लोकसभा चुनाव लड़कर हार चुके दलबदलू विधायक दानम नागेंदर तथा विधायक कड़ियम श्रीहरी को विधानसभा के सभापति गड्डम प्रसाद कुमार द्वारा क्लीन चिट दिए जाने पर बरसे केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय ने कहा कि यह संविधान, लोकतंत्र व जनादेश का घोर अपमान है।
बंडी संजय ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि सभापति के इस निर्णय के विरुद्ध भाजपा हाईकोर्ट की शरण लेगी। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में इसी प्रकार का निर्णय दिए जाने पर न्यायालय ने फटकार लगाई थी। विश्वास है, तेलंगाना में भी कोर्ट उसी प्रकार सरकार को तमाचा लगाएगा।
बंडी संजय ने कड़े शब्दों में कहा कि एक माँ के हाथों अपने शिशु की हत्या करना जिस प्रकार पाप है, उसी प्रकार शासन व्यवस्था द्वारा लोकतंत्र का कत्ल करना पाप है। इसलिए कांग्रेस को बंगाल की खाड़ी में फेंकने तक लोकतंत्र की रक्षा असंभव है। उन्होंने कहा कि सभापति का निर्णय दलबदलुओं को प्रोत्साहन देने वाला निर्णय है।
यह भी पढ़ें… वरंगल के समग्र विकास के लिए विशेष कदम : पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी
कांग्रेस खंडवा पहनकर सिकंदराबाद से लड़ा लोकसभा चुनाव
बंडी संजय ने कहा कि यह हास्यास्पद इसलिए भी है कि स्वयं मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने बीआरएस विधायक दानम नागेंदर को कांग्रेस का तीन रंगों वाला खंडवा पहनाकर पार्टी में स्वागत किया था, जिसे पहनकर गत सिकंदराबाद लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से दानम ने चुनाव लड़ प्रचार किया, कांग्रेस के हक में वोट माँगा और हार गए।
अयोग्य ठहराने के लिए अब सभापति को इससे बड़ा और क्या सबूत चाहिए? उन्होंने कहा कि सभापति के ऐसे निर्णय के चलते विधानसभा की व्यवस्था से विश्वास हट जाएगा। उनके निर्णय ने संवैधानिक व्यवस्था को कांग्रेस कार्यालय में बंदी बनाकर रख दिया है। उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि नकली गांधी परिवार की ताबेदारी के बजाए स्वतंत्र व्यवहार करते तो ठीक होता। उन्होंने सभापति के अलोकतांत्रिक निर्णय पर लोकतंत्रवादियों को मौन तोड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि पटरी से उतर चुकी शासन व्यवस्था को राह पर लाने की जिम्मेदारी जनता की है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



