जीवन की हर स्थिति में रखें धैर्य : रमेशजी
हैदराबाद, हमें जीवन की हर स्थिति में धैर्य रखने का अभ्यास करना चाहिए। जिस प्रकार प्रकृति के भीतर कुछ भी होने पर परमात्मा परेशान नहीं होते, उसी प्रकार हमें जीवन में कुछ भी होने पर घबराना नहीं चाहिए। उक्त उद्गार बंजारा हिल्स स्थित अवर पैलेस में आयोजित सत्संग में रमेशजी ने व्यक्त किए। रमेशजी ने कहा कि कई चीजें हमारे पक्ष में नहीं होती हैं, लेकिन धैर्य को धारण करने से धीरे-धीरे विपरीत परिस्थितियों का अंत हो जाता है।
किसी स्थिति को लेकर प्रतिक्रिया न देते हुए उसके गुजरने का इंतजार करना चाहिए। जीवन में हर चीज जाने के लिए आई है। धैर्य के माध्यम से हमारा जुड़ाव परमसत्ता परमात्मा से होने लगता है। उन्होंने कहा कि अगर जीवन में जो भी हो रहा है, अगर उसे हो रहा मान लेंगे, तो स्थिति में कभी नहीं फँसेंगे। हम परिस्थितियों के सामने कुछ भी नहीं हैं। शांति, धैर्य तथा दृढ़ता को जीवन में आत्मसात करके जीवन में सकारात्मकता लाई जा सकती है।
जीवन में मन को नियंत्रित कर शांति और प्रसन्नता पाएँ
रमेशजी ने कहा कि अंत में सारा खेल मन का होता है। अगर हर दम शांति तथा प्रसन्नता में रहकर जीवन का आनंद लेना है, तो हमें दो तरीकों को अपनाना होगा। इसमें अपने मन को प्रशिक्षित करना तथा मन से परे उठना सीखना होगा। इस अभ्यास के बाद हमारा मन हमें कभी नियंत्रित नहीं कर सकेगा। वरन हमें मन को नियंत्रित करने में सक्षम बन सकेंगे। भगवान में हमें मन के रूप में एक प्रभावी उपकरण दिया है, जिसका सदुपयोग सुख, शांति तथा प्रेम के लिए करना चाहिए। इससे भगवान हमारे लिए ऐसे विश्व का निर्माण करेगा, जहाँ केवल और केवल सुख-शांति होगी।
गुरु माँ ने कहा कि जो व्यक्ति जीवन में शांति चाहता है, वह हर प्रकार के टकराव से दूर रहता है। किसी भी स्थिति में शांति बनाए रखने से नतीजे भी अच्छे आते हैं। इसके विपरीत जो युद्ध चाहता है, वह मन, शब्दों, विचारों आदि के माध्यम से दूसरों को नुकसान पहुँचाने के लिए तत्पर रहता है। अशांत मन वाला व्यक्ति अपने आपको भी नुकसान पहुँचाता है। शांति सबको एकजुट करते हुए परस्पर प्रसन्नता देती है। जीवन में आत्मकल्याण के लिए शांति और धैर्य के गुणों को अनिवार्य रूप से आत्सात करना चाहिए।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



