बंगाल चुनाव : धमकी वीडियो पर जांच आदेश

कोलकाता, पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के चुनाव से पहले डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र में बाइक पर सवार कुछ लोगों द्वारा स्थानीय लोगों को धमकाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद निर्वाचन आयोग ने रविवार को जांच के आदेश दिए।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।मामला सामने आते ही निर्वाचन आयोग ने डायमंड हार्बर थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। अधिकारियों ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘निर्वाचन आयोग इन मामलों को रोकने के लिए कदम उठा रहा है।’’
राज्य में 29 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार सोमवार शाम को समाप्त हो जाएगा।पुलिस ने बताया कि आपराधिक धमकी और गैरकानूनी कृत्यों से संबंधित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत रविवार को डायमंड हार्बर थाने में मामला दर्ज किया गया।
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब कुछ दिन पहले राज्य सरकार ने निर्वाचन आयोग के निर्देश पर डायमंड हार्बर पुलिस जिला में तैनात पांच अधिकारियों को निलंबित कर दिया था और उन पर कथित ‘गंभीर कदाचार’ तथा निष्पक्षता बनाए रखने में विफल रहने के आरोप में अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की थी। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





