बर्कशायर हैथवे ने अल्फाबेट में 4.3 अरब डॉलर का निवेश किया, एप्पल में हिस्सेदारी और घटी

हैदराबाद, ओमाहा स्थित बहुराष्ट्रीय समूह बर्कशायर हैथवे ने गूगल की मूल कंपनी अल्फाबेट में 4.3 अरब डॉलर का नया निवेश किया है, जबकि एप्पल में अपनी हिस्सेदारी को और कम कर दिया है। यह खुलासा शुक्रवार को अमेरिकी प्रतिभूति और विनिमय आयोग में दाखिल रिपोर्ट में हुआ। रिपोर्ट के अनुसार बर्कशायर के पास 30 सितंबर तक अल्फाबेट के 1.78 करोड़ से अधिक शेयर थे। वहीं एप्पल में उसकी हिस्सेदारी 28 करोड़ शेयरों से घटकर 23.82 करोड़ शेयर रह गई है। इसके बावजूद एप्पल अभी भी 60.7 अरब डॉलर मूल्य के साथ बर्कशायर का सबसे बड़ा शेयर निवेश बना हुआ है।

रिपोर्ट के अनुसार 30 सितंबर तक बर्कशायर का कुल अमेरिकी शेयर पोर्टफोलियो 283.2 अरब डॉलर का था। अल्फाबेट में यह नया निवेश चौंकाने वाला माना जा रहा है, क्योंकि वॉरेन बफेट आमतौर पर तकनीकी कंपनियों में निवेश से दूरी रखते हैं और मूल्य निवेश को प्राथमिकता देते हैं। बफेट ने एप्पल को हमेशा एक उपभोक्ता उत्पाद कंपनी बताया है। यह स्पष्ट नहीं है कि अल्फाबेट में निवेश का निर्णय बफेट, उनके पोर्टफोलियो प्रबंधकों टॉड कॉम्ब्स और टेड वेश्लर या 1 जनवरी से सीईओ बनने जा रहे ग्रेग एबल ने लिया।

2019 की बर्कशायर वार्षिक बैठक में बफेट और दिवंगत चार्ली मंगर ने स्वीकार किया था कि गूगल में पहले निवेश न करना उनकी गलती थी। मंगर ने कहा था कि हमसे गलती हुई, जिस पर बफेट ने प्रतिक्रिया दी थी, यह कह रहा है कि हमने मौका गंवा दिया। अल्फाबेट के शेयर खुलासे के बाद 1.7 प्रतिशत चढ़ गए।

यह भी पढ़ें… डिज़्नी और यूट्यूब टीवी विवाद लंबा खिंचने के संकेत, शेयरों में गिरावट

लगातार बारहवीं तिमाही में बर्कशायर बना नेट सेलर

जुलाई से सितंबर के बीच बर्कशायर ने कुल 6.4 अरब डॉलर के शेयर खरीदे और 12.5 अरब डॉलर के शेयर बेचे। यह लगातार बारहवीं तिमाही है जब बर्कशायर नेट सेलर रहा। अनुमानों के अनुसार एप्पल में की गई बिक्री इन बिक्री का बड़ा हिस्सा थी। बर्कशायर ने बैंक ऑफ अमेरिका में भी अपनी हिस्सेदारी 6 प्रतिशत घटाई है, जबकि डीआर हॉर्टन में अपनी पूरी हिस्सेदारी बेच दी। इसके विपरीत उसने चब्ब इंश्योरेंस और डोमिनोज़ पिज़्ज़ा सहित कई अन्य कंपनियों में निवेश बढ़ाया।

बफेट ने नकद भंडार को 381.7 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने दिया है, क्योंकि वह 1.1 ट्रिलियन डॉलर मूल्य वाले इस समूह की बागडोर 1 जनवरी से ग्रेग एबल को सौंपने की तैयारी कर रहे हैं। निवेशक और विश्लेषक मानते हैं कि बर्कशायर वर्तमान मूल्यांकन को लेकर सतर्क है, क्योंकि उसने लगभग एक साल से अपने शेयरों की पुनर्खरीद नहीं की है और लगभग एक दशक से कोई बड़ा अधिग्रहण नहीं किया है।

बर्कशायर के पास करीब 200 व्यवसाय हैं, जिनमें बीएनएसएफ रेलवे, ऊर्जा, औद्योगिक और विनिर्माण कंपनियाँ और डेयरी क्वीन, फ्रूट ऑफ द लूम तथा सीज़ कैंडीज़ जैसे लोकप्रिय खुदरा ब्रांड शामिल हैं।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button