बीकाजी के संस्थापक शिव रतन अग्रवाल का निधन

Ad

नयी दिल्ली, बीकाजी फूड्स इंटरनेशनल के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर शिव रतन अग्रवाल का गुरुवार को चेन्नई में 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया। आपको बता दें कि वे अपनी पत्नी की सर्जरी के सिलसिले में परिवार के साथ चेन्नई आए हुए थे, जहां होटल में ठहरने के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके आकस्मिक निधन की खबर से व्यापार जगत में शोक की लहर है।

पारिवारिक विरासत से अलग बनाई अपनी खास पहचान

शिव रतन अग्रवाल का नाता मशहूर हल्दीराम परिवार से था। उनके दादा गंगा बिशन अग्रवाल ने हल्दीराम की नींव रखी थी। हालांकि, शिव रतन ने अपनी अलग राह चुनी। उन्होंने 1986 में शिवदीप प्रोडक्ट्स की शुरुआत की, जिसका नाम बाद में 1993 में बदलकर बीकाजी कर दिया गया। ये नाम बीकानेर के संस्थापक राव बीका से प्रेरित था। उन्होंने ब्रांड को एक ऐसी पहचान दी जिसे आज घर-घर में जाना जाता है।

मशीनों से भुजिया बनाने वाले देश के पहले उद्यमी

शिक्षा के मामले में शिव रतन अग्रवाल भले ही सिर्फ 8वीं पास थे, लेकिन उनकी दूरदर्शिता कमाल की थी। उस दौर में भुजिया सिर्फ हाथों से बनाई जाती थी। अग्रवाल ने विदेशों की यात्रा की और भुजिया बनाने के लिए मशीनी तकनीक विकसित की। बीकाजी देश का पहला ब्रांड बना जिसने मशीन-मेड भुजिया बाजार में उतारी। इससे न सिर्फ उत्पादन बढ़ा, बल्कि गुणवत्ता में भी सुधार हुआ, जिससे बीकाजी एक अंतरराष्ट्रीय ब्रांड बन गया।

मुख्यमंत्री और दिग्गजों ने जताया शोक

बीकाजी आज शेयर बाजार में लिस्टेड कंपनी है और सदी के महानायक अमिताभ बच्चन इसके ब्रांड एंबेसडर हैं। उनके निधन पर राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि शिव रतन अग्रवाल ने बीकानेरी भुजिया को वैश्विक पहचान दिलाई। उनका जाना उद्योग जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। अग्रवाल अपने पीछे एक समृद्ध व्यावसायिक विरासत और लाखों प्रशंसकों को छोड़ गए हैं।(भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Ad

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button