भाजपा विधायक ने बजट को लेकर विपक्ष पर किया तीखा हमला

जयपुर, राजस्थान विधानसभा में बजट पर चर्चा के दौरान शुक्रवार को सियासी पारा उस समय चरम पर पहुंच गया, जब सिविल लाइंस से विधायक गोपाल शर्मा ने सरकार के बजट को ‘विकसित राजस्थान का ट्रेलर’ बताते हुए विपक्ष पर तीखे हमले शुरू कर दिए। करीब 15 मिनट के अपने जोशीले संबोधन में उन्होंने आंकड़ों की झड़ी लगाई, तो सत्ता पक्ष मेजें लगातार थपथपाती रहा, वहीं विपक्षी सदस्यों ने हंगामा और नारेबाजी के जरिए विरोध जताया।

विधायक शर्मा ने अपने भाषण की शुरुआत महान जाट शासक महाराजा सूरजमल की 320 वीं जयंती पर उन्हें नमन करते हुए की। उन्होंने सूरजमल को ‘मुगलों को धूल चटाने वाला योद्धा’ बताते हुए कहा कि राजस्थान की धरती वीरों की परंपरा से जुड़ी है और बजट उसी परंपरा को आगे बढ़ाने वाला दस्तावेज है।

शर्मा ने दावा किया कि भारत के 78 वर्षों के इतिहास में पहली बार किसी राज्य का बजट उसकी जीडीपी का 32 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि विकसित राष्ट्रों में भी यह अनुपात 30 से 40 प्रतिशत के बीच रहता है। राज्य की 18.75 लाख करोड़ रुपये की अर्थव्यवस्था और 10.24 प्रतिशत विकास दर का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि राजस्थान अब तेजी से उभरती अर्थव्यवस्थाओं की कतार में खड़ा है।

‘पन्ने नहीं, विकास की दिशा दिखाने वाला बजट’

शर्मा ने बताया कि प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 2 लाख रुपये से अधिक हो चुकी है और पिछले दो वर्षों में इसमें 21 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। उनके अनुसार यह ‘डबल इंजन सरकार’ की नीतियों और वित्तीय अनुशासन का परिणाम है। विपक्ष द्वारा बजट को ‘सिर्फ पन्नों का पुलिंदा’ बताए जाने पर पलटवार करते हुए शर्मा ने कहा कि ये पन्ने नहीं, रवन्ने हैं।

शर्मा ने कहा कि 6.11 लाख करोड़ रुपये का यह ऐतिहासिक बजट प्रदेश को विकसित राजस्थान 2047 की दिशा में तेज रफ्तार से आगे बढ़ाएगा। उन्होंने वर्ष 2023-24 के बजट से तुलना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में 73 प्रतिशत, ऊर्जा में 66 प्रतिशत, ग्रामीण विकास में 68 प्रतिशत, शिक्षा में 29 प्रतिशत और शहरी विकास में 38 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

सदन का माहौल तब और गरमा गया जब विधायक शर्मा ने कांग्रेस शासन को ‘लेन-देन वाली सरकार’ करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार के समय ‘ढाई लाख लाओ लाओ और सीमेंट फैक्ट्री ले जाओ’ जैसी कथित प्रवृत्तियां चलीं। इस टिप्पणी पर विपक्षी सदस्य अपनी सीटों से खड़े हो गए और जोरदार विरोध दर्ज कराया।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button