गोलकोंडा किले पर फहरेगा भाजपा का झंडा: रामचंदर राव
हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में वरिष्ठ अधिवक्ता व पूर्व विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) एन. रामचंदर राव की ताजपोशी की गई। रंगारेड्डी जिला स्थित मन्नेगुड़ा के वेधा कन्वेंशन में केंद्रीय श्रम व रोजगार राज्य मंत्री तथा भाजपा चुनाव प्रभारी (रिटर्निंग अधिकारी) शोभा करंदलाजे ने तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष के रूप में पूर्व एमएलसी रामचंदर राव के नाम की घोषणा करते हुए नियुक्त पत्र सौंपा।
इस दौरान, भाजपा के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय, भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद डॉ. के. लक्ष्मण, मल्काजगिरी के सांसद ईटेला राजेंदर, महबूबनगर की सांसद डी.के. अरुणा, चेवेल्ला के सांसद कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी, आदिलाबाद के सांसद गड्डम नागेश, पूर्व राज्यपाल विद्यासागर राव, भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री चंद्रशेखर तिवारी व अन्य भाजपा नेता भी उपस्थित थे।
प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद रामचंदर राव ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए गोलकोंडा किले पर भाजपा का झंडा फहराने के लिए तैयारियाँ करने का आह्वान किया। वेदा कन्वेंशन हॉल में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए रामचंदर राव ने कहा कि कार्यकर्ताओं के त्याग, परिश्रम के परिणामस्वरूप ही भाजपा देश की सबसे बड़ी और मजबूत पार्टी बन गई है।
तेलंगाना में भाजपा को सत्ता दिलाने का संकल्प
अनुशासन और विचारधारा के प्रति प्रतिबद्धता के साथ इस स्तर तक पहुँचा गया, अब हम सभी का लक्ष्य तेलंगाना में भाजपा को सत्ता में लाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को समझाने के लिए पुरानी घटना का जिक्र करते हुए कहा कि संयुक्त आंध्र प्रदेश के कुर्नूल में भाजपा के गठन से पहले जनसंघ की ओर एक उम्मीदवार ने चुनाव लड़ा था, उस उम्मीदवार को केवल एक हजार वोट ही मिले थे, चुनाव में वामपंथी पार्टी के उम्मीदवार की जीत हुई थी, लेकिन फिर भी जनसंघ के उम्मीदवार की ओर से कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय के समक्ष पटाखे जलाकर जश्न मनाया, क्योंकि पार्टी के वोट 300 से बढ़कर 1 हजार तक पहुंच गए थे।

ऐसे में कार्यकर्ताओं को किसी भी स्थिति में निराश होने की आवश्यकता नहीं है। समर्पण, जनता की सेवा का मंत्र लेकर आगे बढ़ना ही जनसेवक की निशानी है। रामचंदर राव ने कहा कि उस स्थिति से निकलकर आज तेलंगाना में भाजपा के 8 लोकसभा सदस्य, 1 राज्यसभा सदस्य, 8 विधायक, 3 विधान परिषद सदस्य बन गए हैं। उस समय पार्टी पर हास्य, व्यंग्य करने वाले आज भाजपा के बढ़ते कद से दांतों तले उंगलियां चबा रहे हैं।
भाजपा के पूर्व अध्यक्षों वी. रामाराव, बंडारू दत्तात्रेय, विद्यासागर राव, डॉ. के. लक्ष्मण, जी. किशन रेड्डी, बंडी संजय को भी राज्य में पार्टी को मजबूत करने का श्रेय देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा एक कैडर आधारित पार्टी है, एक जन आधारित पार्टी है और एक विचारधारा पर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को गोलकोंडा किले पर भाजपा का झंडा फहराने के लिए कमर कसने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा में नए और पुराने का कोई अंतर नहीं है।
संघर्षशील नेता के रूप में राव की दृढ़ भूमिका
एन. रामचंदर राव ने नक्सलियों द्वारा नलगोंडा में मौत के घाट उतारे गए मैसय्या नामक कार्यकर्ता का नाम लेते हुए कहा कि मैसय्या के अलावा उस्मानिया विश्वविद्यालय में कृष्णवर्धन रेड्डी और चंद्रा रेड्डी भी नक्सलियों की गोलियों का शिकार हुए। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता मनोहर रेड्डी, कासम वेंकटेश्वरुलू, दुग्याला प्रदीप कुमार, धर्मा राव के साथ नक्सलियों के खिलाफ लंबा संघर्ष किया। विश्वविद्यालय में न सिर्फ एबीवीपी को चुनाव जिताया, बल्कि यूनिवर्सिटी में एबीवीपी की जड़ें भी मजबूत कीं।

एन. रामचंदर राव ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा की ओर आशा की किरण के साथ देख रही है, शीघ्र ही स्थानीय निकाय चुनाव होने वाले हैं, पंचायत से लेकर संसद तक पार्टी को जिताने के लिए संघर्ष करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बीआरएस पार्टी व्हाट्सऐप यूनिवर्सिटी और कांग्रेस पार्टी फेक न्यूज यूनिवर्सिटी के साथ ट्रोलिंग कर रही है। उन्होंने ट्रोलिंग करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि रामचंदर राव कोई सज्जन व्यक्ति नहीं है, मैं 14 बार जेल जा चुका हूँ।
मैंने विचारधारा के खिलाफ लड़ाई लड़ी, छात्रों के लिए लाठीचार्ज का सामना किया और लाठीचार्ज में हाथ टूटने के बाद भी संघर्ष पर आंच आने नहीं दी। उन्होंने कहा कि वे प्रदेश सरकार की विफलताओं का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेंगे और जनहित से संबंधित मुद्दों पर हर मोर्चे पर सरकार का घेराव करेंगे। इस दौरान राव ने जी. किशन रेड्डी, बंडी संजय व डॉ. लक्ष्मण का विशेष रूप से आभार जताया।
रामचंदर राव मेहनती व प्रतिबद्ध नेता : बंडी संजय
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय ने रामचंदर राव को मेहनती और प्रतिबद्ध नेता बताते हुए कहा कि जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अनुशासित कार्यकर्ताओं, एबीवीपी के नेता के रूप में रामचंदर राव ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया में रामचंदर राव को जानबूझकर ट्रोल किया जा रहा है, पहले इसी तरह की ट्रोलिंग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए भी होती थी, वे सभी ट्रोलर अब काल के गर्भ में समां गए हैं।

बंडी संजय नेएन. रामचंदर राव के पैरों के बारे में सार्वजनिक जानकारी देते हुए कहा कि उनके टेढ़े पैर देखकर मैंने कारण पूछा, तब रामचंद्र राव ने एबीवीपी में रहने के दौरान कट्टरपंथियों के हमले में चोट लगने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भगवा झंडे के लिए कितने नेताओं ने बलिदान दिया, यह उसका एक और उदाहरण है। बंडी संजय ने भी गोलकोंडा किले पर भगवा ध्वज फहराने का सपना होने का उल्लेख करते हुए जनता से कांग्रेस व बीआरएस के जाल में न फंसकर आगामी स्थानीय निकाय चुनाव व जुबली हिल्स विधानसभा के उपचुनाव में भाजपा के हाथ मजबूत करने का आह्वान किया।
पार्टी के लिए काम आएगा रामचंदर राव का अनुभव : डॉ. लक्ष्मण
भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद डॉ. के लक्ष्मण ने कहा कि रामचंदर राव का अनुभव पार्टी के लिए काफी लाभकारी साबित होगा। पार्टी की विचारधारा के लिए लगातार काम करने वालों को ही पार्टी में बड़ा पद मिलता है। उन्होंने कहा कि जब वे मुशीराबाद विधानसभा से दूसरी बार मात्र 200 वोट से चुनाव हार गए थे, तब चुनाव याचिका दायर करने का दायित्व रामचंदर राव को ही सौंपा थे।

पेशे से क्रिमिनल एडवोकेट रामचंदर राव ने सिविल याचिका पर भी बहस कर सबको हैरान कर दिया था। उन्होंने कहा कि वे (डॉ. लक्ष्मण) पार्टी के राष्ट्रीय स्तर के चुनाव अधिकारी हैं, प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह व बी.एल. संतोष के भरोसे की वजह से ही आज इस पद पर हैं। उन्होंने रामचंदर राव की नियुक्ति संस्थागत प्रक्रिया के तहत पूरी पारदर्शिता से होने की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य के लोग रामचंदर राव के नेतृत्व में बदलाव चाहते हैं। पहले बीआरएस व अब कांग्रेस के शासन में जनता कई प्रकार की परेशानियों से त्रस्त है।
राज्य में सत्ता परिवर्तन का समय आ गया : शोभा करंदलाजे
केंद्रीय श्रम व रोजगार राज्य मंत्री तथा भाजपा चुनाव प्रभारी (रिटर्निंग अधिकारी) शोभा करंदलाजे ने कहा कि राज्य में सत्ता परिवर्तन का समय निकट आ गया है, राज्य की जनता भाजपा को राज्य की सत्ता सौंपने की तैयारी में है। रामचंदर राव को प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नियुक्त पत्र सौंपने के बाद शोभा करंदलाजे ने कहा कि उन्हें दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का सदस्य होने पर गर्व है।

शोभा करंदलाजे ने निवर्तमान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जी. किशन रेड्डी की प्रशंसा करते हुए राव से आग्रह किया कि वे आगामी तीन वर्षों तक प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पार्टी का नेतृत्व करें। शोभा करंदलाजे ने कहा कि राज्य की जनता पिछले डेढ़ साल से कांग्रेस सरकार की वजह से निराश है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे भाजपा की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि तेलंगाना में भाजपा को मजबूत विकल्प के रूप में प्रस्तुत किया जाए और राज्य की जनता को कुशासन से मुक्ति दिलाई जाए।
नये अध्यक्ष को देंगे पूरा सहयोग : किशन रेड्डी
केंद्रीय कोयला मंत्री व निवर्तमान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जी. किशन रेड्डी ने रामचंदर राव को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किए जाने पर बधाई देते हुए उनके साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया। रंगारेड्डी के मन्नेगुड़ा स्थित वेदा कन्वेंशन में रामचंदर राव के अध्यक्ष घोषित किए जाने के उपलक्ष्य में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए किशन रेड्डी ने कहा कि तेलंगाना की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना चाहिए।
किशन रेड्डी ने कहा कि वे पिछले 2 वर्षों से अध्यक्ष थे, इस दौरान सभी राष्ट्रीय, राज्य के नेता और जिला अध्यक्षों के साथ एकजुट होकर पार्टी का काम किया। उन्होंने आने वाले दिनों में राज्य में पार्टी को मजबूत करने के लिए एन. रामचंदर राव के साथ मिलकर काम करने का आह्वान करते हुए राज्य में भगवा ध्वज फहराने के लिए एकजुट होने की अपील की। तेलंगाना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कमान संभालने वाले पूर्व विधान परिषद सदस्य एन. रामचंदर राव राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की ओर से अध्यक्ष उम्मीदवार के रूप में पहली पसंद थे।
यह भी पढ़ें… सेवा और सुशासन के प्रति समर्पित हैं मोदी: धर्मेंद्र प्रधान
अनुभव और समर्पण से सजा राव का सफर
संगठन ने राव के अनुभव, अनुशासन व समर्पण की वजह से उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे स्वीकृत किया गया। राजनीति में करीब 5 दशक का अनुभव रखने वाले रामचंदर राव किशोरावस्था से ही विद्यार्थी राजनीति में सक्रिय हो गए थे। 27 अप्रैल, 1959 को जन्मे राव ने वर्ष 1977-80 में उस्मानिया विश्वविद्यालय से बी.ए., वर्ष 1980-82 में एम.ए., वर्ष 1982-85 में एलएलबी की पढ़ाई की।

छात्रों की बीच लोकप्रियता को देखते हुए उन्हें वर्ष 1980-82 के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा का प्रदेश सचिव बनाया गया। वह वर्ष 1977-85 तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश कार्यकारी सचिव भी रहे। वह वर्ष 1980-85 तक एबीवीपी के नगर उपाध्यक्ष, वर्ष 1986-90 तक भाजयुमो के नगर उपाध्यक्ष, वर्ष 1999-2003 तक भाजपा लीगल सेल के संयुक्त संयोजक, वर्ष 2003-06 तक लीगल सेल के संयोजक, वर्ष 2006-10 तक भाजपा राष्ट्रीय लीगल सेल के संयुक्त संयोजक, वर्ष 2007-09 के दौरान भाजपा के आधिकारिक प्रदेश प्रवक्ता, वर्ष 2009-2012 तक प्रदेश महासचिव, वर्ष 2012-15 तक तेलंगाना-आंध्र प्रदेश भाजपा मुख्य प्रवक्ता भी रहे।
रामचंदर राव की कानूनी और राजनीतिक यात्रा
वर्ष 2015 के दौरान रामचंदर राव ने हैदराबाद-रंगारेड्डी-महबूबनगर विधान परिषद का चुनाव जीता और वर्ष 2021 तक इस पद पर रहे। इस दौरान वह हैदराबाद भाजपा अध्यक्ष के रूप में भी पार्टी की सेवा कर चुके हैं। वर्ष 1985 में एलएलबी करने के बाद रामचंदर राव ने वर्ष 1986 में पंजीकरण करते हुए जिला व सत्र कोर्ट में वकालत आरंभ की। वह मुख्य रूप से नामपल्ली क्रिमिनल कोर्ट में बड़े-बड़े आपराधिक मामलों की पैरवी करते थे।
वर्ष 2012 में आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा राव को वरिष्ठ एडवोकेट के रूप में घोषित किया गया। वह सुप्रीम कोर्ट, दिल्ली उच्च न्यायालय, आंध्र प्रदेश व तेलंगाना उच्च न्यायालय में भी महत्वपूर्ण मामलों की पैरवी कर चुके हैं। मौजूदा समय में राव सुप्रीम कोर्ट में सक्रियता से वकालत कर रहे हैं। राव वर्ष 1992-94 के लिए नामपल्ली मेट्रोपोलिटन बार एसोसिएशन के सचिव चुने गए।
वह वर्ष 2000-02 के बीच असोसिएशन के अध्यक्ष भी रहे। वर्ष 2006 में आंध्र-प्रदेश बार काउंसिल के सदस्य, वर्ष 2012 से 2019 तक बार काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य रहे। इसी तरह वर्ष 2013-15 के दौरान प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया तथा नलसार, हैदराबाद और नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, बेंगलुरू के भी वह सदस्य रहे।
सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार करने वालों को दी चेतावनी
एन. रामचंदर राव ने सोशल मीडिया में उनकी नियुक्ति के बारे में दुष्प्रचार करने, डम्मी अध्यक्ष बताने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि सोशल मीडिया में फर्जी दुष्प्रचार करने वालों में हिम्मत है, तो उनका सामना करें। उन्होंने कहा कि दुष्प्रचार करने, बेनामी पोस्ट शेयर करने वाले यह न भूलें कि मैं एक क्रिमिनल एडवोकेट भी हूँ। उन्होंने कहा कि वे ट्रोलिंग करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर जेल भेजेंगे। इसके अलावा उन्होंने कांग्रेस सरकारी पर जनविरोधी नीतियों की अमलावरी करने का आरोप लगाते हुए राष्ट्रीय व राज्य के नेताओं से मार्गदर्शन करने की भी अपील की। (अरविंद सिंह लोध)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



