कालेश्वरम भ्रष्टाचार पर सीबीआई की चुप्पी भाजपा बीआरएस की मिलीभगत का सबूत : पोंगुलेटी
हैदराबाद, राजस्व मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने आरोप लगाया कि कालेश्वरम भ्रष्टाचार मामला सीबीआई को सौंप कर नौ महीने बीत जाने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं होना भाजपा-बीआरएस के बीच मिलीभगत का सबूत है। उन्होंने राजनीतिक लाभ के लिए देरी किए बिना कालेश्वरम परियोजना और बिजली खरीद में हुए भ्रष्टाचार पर सीबीआई से व्यापक जांच कराकर दोषियों को सजा दिलाने की मांग की। साथ ही कहा कि दो केंद्रीय मंत्री और बीजेपी सांसद इस मामले में पहल करके जनता के सामने अपनी ईमानदारी साबित करें।
पोंगुलेटी ने हनुमाकोंडा में प्रजा पालना प्रगति प्रणालिका कार्यक्रम के तहत आयोजित किसान सप्ताह उत्सव के अंतर्गत राज्य स्तरीय मेगा किसान मेला का उद्घाटन किया। अवसर पर उन्होंने कहा कि कालेश्वरम परियोजना पर राज्य सरकार द्वारा नियुक्त आयोग ने जांच कर भ्रष्टाचार और निधियों के दुरुपयोग की पुष्टि करते हुए रिपोर्ट सौंपी है, जिसे सीबीआई को सौंप कर नौ महीने बीत गये, परंतु आज तक सीबीआई द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गयी।
यह भी पढ़ें… उत्तम कुमार रेड्डी ने दिए धान खरीदी प्रक्रिया तेज करने के निर्देश
इसके अलावा मंत्री ने कहा कि कृषि विकास और किसानों के कल्याण के लिए कांग्रेस सरकार प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। हम अपने वादों को पूरा कर रहे हैं। दो लाख रुपये तक की फसल ऋण माफी, बारीक धान को बोनस, प्रति एकड़ 12 हजार रुपये की रैतु भरोसा सहायता, भू-विवादों के समाधान के लिए भूभारती जैसी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। कार्यक्रम में मंत्री सीतक्का, कोंडा सुरेखा, सांसद कड़ियम काव्या, कई विधायकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



