इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट-2026 के लिए सजेगी मध्य दिल्ली
नयी दिल्ली, नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट-2026 से पहले मध्य दिल्ली में बड़े पैमाने पर अवसंरचना और सौंदर्यीकरण अभियान शुरू किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत चहल ने बताया कि नगर निकाय फरवरी में होने वाले सम्मेलन की तैयारी जी20 शिखर सम्मेलन की तर्ज पर कर रहा है। इसके तहत संबंधित विभाग प्रमुख सड़कों, प्रतिष्ठित इमारतों और सार्वजनिक स्थानों के उन्नयन का कार्य कर रहे हैं। बागवानी विभाग ने कनॉट प्लेस, शांति पथ और खान मार्केट सहित प्रमुख चौराहों पर पहले ही सजावटी पौधे वाले करीब पांच हजार गमले लगा दिए हैं। नगरपालिका क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर 15 फूलों के बोर्ड और फव्वारे लगाने की योजना भी क्रियान्वित की जा रही है।
इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट-2026 का आयोजन 16 से 20 फरवरी तक भारत मंडपम
इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट-2026 का आयोजन 16 से 20 फरवरी तक भारत मंडपम में किया जाना है। चहल ने बताया कि शहर की मौसमी खूबसूरती को बढ़ाने के उद्देश्य से, ट्यूलिप महोत्सव 16 से 20 फरवरी के बीच शांति पथ के लॉन में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि एनडीएमसी शिखर सम्मेलन की तैयारियों के तहत सड़क सुरक्षा और रखरखाव पर ध्यान केंद्रित कर रही है। उन्होंने बताया, “ चमक रोधी बोर्ड और सड़क संकेत लगाए जाएंगे और सड़क के फुटपाथ का रखरखाव सुनिश्चित किया जा रहा है।’’
चहल ने कहा कि रात में शहर की खूबसूरती को निखारने के लिए एनडीएमसी ने अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाली दस प्रतिष्ठित इमारतों को रोशन करने की योजना बनाई है, जिनमें पालिका केंद्र, चंद्र लोक भवन, कनॉट प्लेस इनर सर्कल और सेंट्रल पार्क, राष्ट्रीय चरखा संग्रहालय, चाणक्य भवन, एनडीसीसी फेज-2, पालिका बाजार और लोक नायक भवन शामिल हैं।उन्होंने कहा, ‘‘सरदार पटेल मार्ग से सेंट्रल पार्क तक के पूरे मार्ग पर 300 सजावटी लाइटें लगाई जा रही हैं।’’ (भाषा)
यह भी पढ़े– डेनमार्क और ग्रीनलैंड के नेता ट्रंप के खिलाफ एकजुट हुए
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



