बाल कैंसर दिवस : निम्स में नन्हे योद्धाओं की कला ने जगाई उम्मीद की किरण
हैदराबाद, अंतरराष्ट्रीय बाल कैंसर दिवस के उपलक्ष्य में आज निज़ाम्स इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (निम्स) में कैंसर का इलाज कर्री रहे बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मेडिकल ऑन्कोलॉजी विभाग के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में सुधा रेड्डी फाउंडेशन की अध्यक्ष सुधा रेड्डी ने भाग लिया।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, चित्रकला प्रतियोगिता को सुधा रेड्डी फाउंडेशन द्वारा ऑन्कोलॉजी वार्ड में इलाज करा रहे बच्चों के लिए आयोजित किया गया। प्रतिवर्ष 15 फरवरी को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय बाल कैंसर दिवस के परिप्रेक्ष्य में आयोजित पहल का मुख्य उद्देश्य कैंसर का इलाज करा रहे बच्चों में साहस जगाना था। इस प्रतियोगिता के माध्यम से न केवल बच्चों का मनोरंजन हुआ, बल्कि उन्हें कला के माध्यम से अपनी भावनाओं और रचनात्मकता को व्यक्त करने का अवसर मिला। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चों को पुरस्कार और उपहार प्रदान किए गए। इसके अलावा उपचार के दौरान बच्चों की पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए पोषण आहार किट भी वितरित की गई।
यह भी पढ़ें… बच्चों की कला और संस्कार से सजा जैन इंटरनेशनल विद्यापीठ का प्रथम वार्षिक उत्सव
अवसर पर सुधा रेड्डी ने कहा कि इस तरह की पहल कैंसर से जूझ रहे बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य और आत्मविश्वास को मजबूत करने में सहायक होती हैं। उन्होंने कहा कि उचित पोषण के साथ-साथ मनोवैज्ञानिक और सामाजिक सहयोग भी कैंसर के व्यापक उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। निम्स के निदेशक डॉ. एन. बीरप्पा ने अवसर पर कैंसर से पीड़ित बच्चों के प्रति सुधा रेड्डी फाउंडेशन की अध्यक्ष सुधा रेड्डी के सेवाभावपूर्ण दृष्टिकोण और सहयोग की सराहना की।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



