सीआईपीएल-बिहार सरकार में पटना एआई केंद्र के लिए समझौता

नयी दिल्ली, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और डिजिटल बुनियादी ढांचा समाधान प्रदाता सीआईपीएल ने पटना में एआई उत्कृष्टता केंद्र और एक मुख्य विकास केंद्र स्थापित करने के लिए बिहार सरकार के साथ समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। राष्ट्रीय राजधानी में चल रहे ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट-2026’ में इस समझौते ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
कंपनी के अनुसार, यह परियोजना उन्नत एआई आधारित समाधान, डेटा सेंटर संचालन और साइबर सुरक्षा पर केंद्रित होगी। कंपनी ने कहा कि इससे अगले पांच वर्षों में 2,000 तक प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। सीआईपीएल ने बयान में कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य बिहार की डिजिटल अर्थव्यवस्था को गति देना, शासन व्यवस्था को मजबूत करना और राज्य को पूर्वी भारत में सूचना प्रौद्योगिकी एवं एआई के उभरते केंद्र के रूप में विकसित करना है।
यह भी पढ़े : इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो पर पीएम मोदी का बयान
कंपनी ने बताया कि पहले वर्ष में 500 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है, जिसे अगले पांच वर्षों में बढ़ाकर 2,000 से अधिक आईटी पेशेवरों तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। बयान में कहा गया कि इससे राज्य में कौशल विकास को बढ़ावा मिलेगा और कुशल पेशेवरों की वापसी को प्रोत्साहन मिलेगा। सीआईपीएल के प्रस्ताव के अनुसार, परियोजना की शुरुआत 30 करोड़ रुपये के प्रारंभिक निवेश से की जाएगी, जिसे आने वाले वर्षों में बढ़ाकर 100 करोड़ रुपये तक किया जाएगा। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



