चरणबद्ध तरीके से होगा तालाबों का विकास : ए.वी. रंगनाथ
हैदराबाद, नगर के तालाबों की दुर्दशा और अतिक्रमण की बढ़ती समस्या के प्रति चिंता जताते हुए लोगों ने हैद्रा फोन-इन कार्यक्रम में खुलकर अपनी पीड़ा रखी।
हैद्रा आयुक्त ए.वी. रंगनाथ से फोन पर बात करते हुए लोगों ने उनके इलाकों के तालाबों में गंदे नाले का पानी मिलने और गंदगी की वजह से मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की शिकायत की। कई नागरिकों ने आग्रह किया कि तालाबों में सीवरेज का पानी न जाने दिया जाए और उन्हें भी अन्य तालाबों की तरह विकसित किया जाए। लोगों ने हर सोमवार को होने वाली हैद्रा प्रजावाणी के अलावा शनिवार को फोन-इन कार्यक्रम आयोजित करने पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इससे कार्यालय तक न आ पाने वाले लोगों को भी अपनी समस्याएं सीधे रखने का अवसर मिल रहा है।
पार्क, सड़क और फुटपाथ कब्जों को लेकर बड़ी संख्या में शिकायतें
हैद्रा आयुक्त ने स्वयं शिकायतकर्ताओं से बातचीत करते हुए उनकी समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों का विवरण उपलब्ध कराया और कहा कि यदि एक सप्ताह में समाधान न हो, तो शिकायतकर्ता सीधे उन्हें फोन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि हर शनिवार (छुट्टियों को छोड़कर) 040-29565750 और 040-29565759 नंबरों पर कॉल कर समस्याएं दर्ज कराई जा सकती हैं। इस दौरान कुछ फोन जिले के अन्य क्षेत्रों से भी आईं, जहां तालाबों पर अतिक्रमण की शिकायतें की गई।

इस पर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि हैद्रा का कार्यक्षेत्र ओआरआर (ओआरआर) तक ही सीमित है। उन्होंने जानकारी दी कि पहले चरण में 6 तालाबों का विकास कार्य शुरू किया गया है तथा 14 और तालाबों को विकसित करने का निर्णय लिया गया है। तालाबों का विकास चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। फोन-इन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिकायतें अतिक्रमण को लेकर भी आईं। लोगों ने कहा कि तालाब अपनी प्राकृतिक पहचान खो चुके हैं और उनका पुनरुद्धार जरूरी है। पार्क, सड़कें, सरकारी भूमि और सार्वजनिक स्थलों पर कब्जे हो रहे हैं। फुटपाथों पर अतिक्रमण के कारण पैदल चलना मुश्किल हो गया है।
रंगनाथ ने 36 शिकायतकर्ताओं से मुलाकात कर कार्रवाई का भरोसा दिया
डुंडीगल नगरपालिका के गागिलापुर में सड़कों पर कब्जा कर प्लॉट बनाकर बेचने की शिकायत आई। प्रगति नगर में एक पार्क में मंदिर निर्माण का प्रयास किए जाने की जानकारी दी गई। नागीरेड्डी कुंटा में सीवरेज का पानी रोकने के लिए बनाई जा रही डाइवर्जन नहर के काम के रुक जाने, माधापुर के सुन्नम चेरी के पास 100 फीट चौड़ी सड़क होने के बावजूद पानी के टैंकरों के कारण आवागमन बाधित होने की शिकायतें भी दर्ज हुईं।

यह भी पढ़े: रंगनाथ ने किया दुर्गम चेरुवु तालाब का दौरा, दुर्गंध को लेकर हैद्रा आयुक्त नाराज
इसके अलावा आरोप लगाए गए कि कुछ बड़े बिल्डर वर्षा जल नालों का रुख मोड़कर अतिक्रमण कर रहे हैं। अत्तापुर में 33 गुंटा सरकारी भूमि और करीब 900 गज के पार्क स्थल पर कब्जे की शिकायत करते हुए निर्माण शुरू होने से पहले कार्रवाई की मांग की गई। नागरिकों ने अतिक्रमणकारियों के खिलाफ किसी भी तरह की नरमी न बरतने की अपील की। इस कार्यक्रम में रंगनाथ ने कुल 36 शिकायतकर्ताओं से बात कर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान का भरोसा भी दिलाया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



