जी राम जी एक्ट पर कांग्रेस का पाखंड उजागर : एन. रामचंदर राव
हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने वीबी–जी राम जी एक्ट पर तेलंगाना विधानसभा में पारित प्रस्ताव का कड़ा विरोध करते हुए कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के नाम पर झूठ फैलाने और राजनीतिक ड्रामा करने में कांग्रेस की बेशर्मी की कोई सीमा नहीं है।
रामचंदर राव ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि महात्मा गांधी जैसे महान नेता के नाम पर कांग्रेस आज मगरमच्छ के आंसू बहा रही है, जबकि उसका तथाकथित “गांधी प्रेम” केवल राजनीतिक पाखंड और दिखावा है। उन्होंने कहा कि देश में रोजगार गारंटी योजनाओं का लंबा इतिहास रहा है। वर्ष 1989 में कांग्रेस सरकार ने जवाहर रोजगार योजना शुरू की, जिसे 1999 में जवाहर रोजगार समृद्धि योजना, 2001 में संपूर्ण ग्रामीण रोजगार योजना और 2005 में नरेगा नाम दिया गया। इन सभी चरणों में कांग्रेस को महात्मा गांधी का नाम याद नहीं आया।
गांधी के नाम पर दोगली राजनीति कर रही कांग्रेस:
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केवल 2009 के आम चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस ने राजनीतिक लाभ के लिए इस योजना का नाम बदलकर मनरेगा किया। इससे स्पष्ट है कि गांधी जी के नाम का इस्तेमाल सच्चे सम्मान के लिए नहीं, बल्कि संकीर्ण राजनीतिक स्वार्थ के लिए किया गया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि कांग्रेस द्वारा वीबी–जी राम जी एक्ट को लेकर जानबूझकर भ्रम फैलाया जा रहा है, इसलिए इस कानून की वास्तविक विशेषताओं को जनता के सामने रखना जरूरी है। उन्होंने बताया कि इस अधिनियम के तहत ग्रामीण परिवारों के लिए रोजगार गारंटी को 100 दिनों से बढ़ाकर 125 दिन किया गया हैI
जिससे आजीविका सुरक्षा मजबूत होगी। समय पर काम नहीं मिलने पर बेरोजगारी भत्ता और मजदूरी में देरी होने पर अतिरिक्त मुआवजे का प्रावधान किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह योजना केंद्रीकरण नहीं, बल्कि विकेंद्रीकरण को बढ़ावा देती है। ग्राम पंचायतें और ग्राम सभाएं स्वयं विकास योजनाएं तैयार करेंगी। रोजगार कार्ड जारी करने से लेकर कार्यों के क्रियान्वयन तक ग्राम पंचायतों की प्रमुख भूमिका होगी और कम से कम 50 प्रतिशत कार्य स्थानीय स्तर पर ही कराए जाएंगे।
रामचंदर राव ने बताया कि इस कानून में जल संरक्षण, बुनियादी ढांचा निर्माण, आजीविका आधारित कार्य और आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्य शामिल हैं। तालाब, चेक डैम, स्कूल, अस्पताल, आंगनवाड़ी, सड़क, नालियां और गरीब परिवारों की आय बढ़ाने वाले कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं ताकि गांव में ही रोजगार के अवसर सृजित हों।
सामाजिक अंकेक्षण को अनिवार्य किया गया है और तकनीक के माध्यम से पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी। बायोमेट्रिक उपस्थिति, जीआईएस सत्यापन और डिजिटल निगरानी से भ्रष्टाचार पर रोक लगेगी।
अंत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वीबी–जी राम जी एक्ट ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने, पंचायतों को सशक्त बनाने और पारदर्शी शासन की दिशा में एक दूरदर्शी सुधार है। कांग्रेस को झूठे प्रचार और राजनीतिक नाटक छोड़कर पहले अपने अवसरवाद और नीतिगत विफलताओं का जवाब देना चाहिए।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



