सी.वी. आनंद ने लांच किया प्रॉसिक्यूशन डायरेक्टरेट में ई ऑफिस एप्लीकेशन

हैदराबाद, गृह विभाग के विशेष प्रधान सचिव सी.वी आनंद ने लकड़ी का पुल स्थित प्रॉसिक्यूशन डायरेक्टरेट कार्यालय में ई ऑफिस एप्लीकेशन का लांच किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार तेलंगाना राइजिंग 2047 के विज़न दस्तावेज के हिसाब से राज्य में पेपर रहित प्रशासन देने के लिए कटिबद्ध है। इस कटिबद्धता के तहत ही विभाग स्तर पर पेपर रहित प्रशासन की व्यवस्था को अमल में लाया जा रहा है।

सी.वी आनंद राज्य सरकार के निर्देश के अनुसार विभाग प्रमुख के रूप में क्षेत्र स्तर पर गृह विभाग के अधीन आने वाले विभागों का दौरा कर रहे है। इसी सिलसिले में उन्होंने प्रॉसिक्यूशन डायरेक्टरेट कार्यालय का दौरा कर कार्यालय के कार्यों का जायजा लिया। ई ऑफिस एप्लीकेशन को लांच करने के बाद उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से कार्यालय में फाइलों का निपटारा तेजी से होगा और प्रशासन में पारदर्शिता आने के साथ-साथ जिम्मेदारी भी बढ़ेगी। उन्होंने प्रॉसिक्यूशन विभाग में इस सिस्टम को अमल में लाने के लिए स्टाफ को बधाई दी।

यह भी पढ़ें… एसआईआर से पहले बीएलए की नियुक्ति अनिवार्य : सुदर्शन रेड्डी

समीक्षा बैठक में विभाग की कार्रवाई सुधार पर चर्चा

इस अवसर पर उन्होंने प्रॉसिक्यूशन विभाग के लिए डिज़ाइन किया गया फेशियल रिकग्निशन बेस्ड मैनेजमेंट सिस्टम भी लांच किया। उन्होंने कहा कि यह डिजिटल सिस्टम स्टाफ उपस्थिति दर्ज करने में अनुशासन बनाएगा और पारदर्शिता भी बढ़ेगी। विभाग का दौरा करने के बाद आनंद ने विभाग के अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक कर विभाग की कार्रवाई में सुधार लाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिये।

इस अवसर पर विभाग के निदेशक एस सांबशिव रेड्डी ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विभाग की कार्यक्षमता और उपलब्धियों की सविस्तार जानकारी दी। उन्होंने विभाग के कुछ लंबित मामलों को आनंद की दृष्टि में लाया और आनंद ने लंबित मामलों को शीघ्र ही निपटाने का आश्वासन दिया। समीक्षा बैठक में आनंद ने देश में लागू हुए नए अपराधिक कानूनों का जिक्र किया और इसके प्रति जागरूकता लाने की आवश्यकता जताई। इन कानूनों को अमल में लाने से जुड़े स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर और सरकारी ऑर्डर बनाने में प्रॉसिक्यूटर की टीम के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने नए कानूनों को असरदार तरीके से लागू करने के लिए कदम उठाने के निर्देश दिए।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button