दमरे जीएम ने किया आदिलाबाद मुदखेड़ पूर्णा रेल खंड का निरीक्षण
हैदराबाद, दक्षिण मध्य रेलवे महाप्रबंधक संजय कुमार श्रीवास्तव ने नांदेड़ मंडल के अंतर्गत आदिलाबाद मुदखेड़ पूर्णा रेल खंड का विस्तृत निरीक्षण किया। महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि विभिन्न स्टेशनों में जारी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किये जाएँ।






महाप्रबंधक ने निरीक्षण की शुरुआत आदिलाबाद रेलवे स्टेशन से की। उन्होंने अमृत स्टेशन योजना के तहत जारी पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने क्रू लॉबी, संयुक्त क्रू रनिंग रूम तथा रनिंग स्टाफ के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं एवं आरामदायक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। अवसर पर आदिलाबाद विधानसभा क्षेत्र के विधायक पायल शंकर ने महाप्रबंधक से मुलाकात कर क्षेत्र में रेलवे विकास परियोजनाओं पर चर्चा की। दूसरे जनप्रतिनिधियों ने महाप्रबंधक से भेंट कर ज्ञापन सौंपे। निरीक्षण के दौरान नांदेड़ मंडल रेल प्रबंधक प्रदीप लक्ष्मण राव कामले तथा मुख्यालय एवं मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
यह भी पढ़ें… बीआईएसीएचएंडआरआई में अत्याधुनिक कैंसर स्क्रीनिंग बस लांच
महाप्रबंधक ने लेवल क्रॉसिंग गेट 23 का निरीक्षण कर सुरक्षा जाँची
महाप्रबंधक ने आदिलाबाद किनवट खंड के बीच स्थित लेवल क्रॉसिंग गेट संख्या 23 का भी निरीक्षण किया। उन्होंने गेट बूम, अभिलेखों, सुरक्षा उपकरणों आदि की जाँच कर गेटमैन से बातचीत की और कार्य परिस्थितियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। किनवट रेलवे स्टेशन पर महाप्रबंधक ने विस्तृत निरीक्षण कर स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने टिकट बुकिंग काउंटर, प्रतीक्षालय, स्टेशन मास्टर कार्यालय और स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया। अमृत स्टेशन योजना के तहत किनवट स्टेशन पर जारी पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। महाप्रबंधक ने निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजना पूर्ण करने के लिए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
महाप्रबंधक ने नागदा नाला स्थित पुल संख्या 110 का गहन निरीक्षण कर सभी सुरक्षा पहलुओं की जाँच की। उन्होंने कर्व संख्या 40 पर ट्रैक अनुरक्षण और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए गैंगमैनों से संवाद किया। उन्होंने हिमायतनगर रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण किया, जहाँ अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत जारी पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बाद में भोकर एवं मुदखेड़ अमृत स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनके अभ्यावेदन प्राप्त किए। महाप्रबंधक ने पूर्णा अमृत स्टेशन पर जारी पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा कर यात्रियों की सुविधाओं में सुधार के लिए कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूर्णा रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध मेडिकल रिलीफ वैन और एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन की तैयारियों एवं सुविधाओं का भी निरीक्षण किया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



